इस्लामाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीआईएमएस में लगी आग, 15 नवजात शिशुओं की जलकर मौत
इस्लामाबाद। इस्लामाबाद के सबसे बड़े अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के स्त्री रोग वॉर्ड में बुधवार सुबह स्थानीय समय के मुताबिक 7 बजे आग लग गई। इस आग में जलकर 15 नवजात शिशुओं की मौत हुई है। पीआईएमएस की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने मीडिया को बताया कि कुछ शिशुओं को मंगलवार रात ही डिस्चार्ज कर दिया गया था। अनीजा जलील के मुताबिक पीआईएमएस के स्त्री रोग वॉर्ड में शायद बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
पीआईएमएस के अन्य अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि आग लगने के वक्त स्त्री वॉर्ड की नर्सरी में 16 नवजात थे। इनमें से सिर्फ एक को ही बचाया जा सका। खबर लिखे जाने तक पीआईएमएस में आग वाली जगह को ठंडा किया जा रहा था। जियो न्यूज ने बताया है कि पीआईएमएस के स्त्री रोग वॉर्ड में आग लगने की खबर पर इस्लामाबाद जिला प्रशासन ने दमकल की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस के साथ बचाव दल को मौके पर भेजा। इस टीम ने बहुत मेहनत से आग बुझाई, लेकिन उस वक्त तक नवजात बच्चों की जलकर मौत हो चुकी थी।
पीआईएमएस में लगी आग के कारणों की जांच के लिए इस्लामाबाद के डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई गई है। पीआईएमएस इस्लामाबाद का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। इसके परिसर में इस्लामाबाद अस्पताल, बच्चों का अस्पताल, माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए सेंटर, बर्न केयर और कार्डियक सेंटर हैं। पीआईएमएस में 5 जनवरी 2018 को भी आग लगी थी। उस वक्त 45 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस बार आग लगी, तो नवजात शिशुओं को बचाने में अस्पताल प्रशासन को नाकामी हासिल हुई। सवाल ये है कि क्या आग लगते वक्त पीआईएमएस की नर्सरी में कोई भी मौजूद नहीं था? या आग लगने की ओर किसी का ध्यान नहीं गया?
