August 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस, तेज झटके से कई यात्री चोटिल, फुकेट से दिल्ली आ रहा था विमान

नई दिल्ली। एयर इंडिया के एक विमान में तेज टर्बुलेंस हुआ है जिसकी वजह से कुछ यात्रियों को चोट आई है। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट संख्या AI-2379 को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से कुछ देर पहले टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। विमान में तेज झटके लगने लगे और वो अचानक तेजी से नीचे आने लगा। इन झटकों की वजह से विमान में सवार कुछ यात्री चोटिल हो गए हैं। पायलट ने तुरंत विमान पर कंट्रोल किया और उसकी सेफ लैंडिंग कराई। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से उतारकर मेडिकल के लिए ले जाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

एयरलाइन्स के मुताबिक यात्रियों और क्रू के सदस्यों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। सभी यात्रियों को हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। इस विमान ने 134 यात्री सवार थे। जब विमान अचानक हवा में तेज झटके खाता हुआ नीचे आने लगा तो सभी की सांसें अटक गईं। वहां पर अफरातफरी का माहौल गया। टर्बुलेंस की वजह से विमान को भी मामूली नुकसान पहुंचने का मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है। हालांकि इस संबंध में एयरलाइंस कंपनी की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है।

विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि यह सुबह की घटना थी और कई लोग सो रहे थे। अचानक विमान हिचकोले खाने लगा। उन्होंने बताया कि 15-20 यात्रियों को चोट आई है, किसी का सिर फटा है, किसी को कंधे में चोट आई है और किसी को पीठ में। आपको बता दें कि आसमान में जब हवा का प्रवाह अनियमित हो जाता है तब फ्लाइट में टर्बुलेंस होता है। विमान में टर्बुलेंस की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, कुछ घटनाओं में कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *