April 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का लगाया अनुमान

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जबरदस्त हिमपात की खबर है। हिमाचल प्रदेश में हिमपात के कारण तमाम सड़कें बंद हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा अरब सागर से भी नमी पहुंच रही है। मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश में तमाम जगह बहुत बर्फबारी और बारिश हो सकती है। दिल्ली और इससे लगे इलाकों में शनिवार को बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में बारिश और ओलावृष्टि के भी आसार बन रहे हैं। इन इलाकों में तेज हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में कई जगह काफी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। राज्य में तेज हवा भी चलने की बात मौसम विभाग ने कही है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में इन इलाकों में तापमान कुछ गिर सकता है। वहीं, महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा के साथ ही कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। इन सभी जगह बीते कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से लगे इलाकों में तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार तक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम विभाग का ये पूर्वानुमान कुछ और वक्त खिसकता दिख रहा है। इस साल कुछ ही दिन कड़ाके की ठंड पड़ी। हालांकि, मौसम विभाग ने दिसंबर 2024 से पहले ही अनुमान लगाया था कि इस बार ठंड के सीजन में कड़ाके की सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ सकता है।