August 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली पुलिस से सोनिया और राहुल गांधी की शिकायत, वंदे मातरम् के कथित अपमान का मुद्दा गर्माया

नई दिल्ली। कांग्रेस दफ्तर में स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् के कथित अपमान का मुद्दा गर्माया हुआ है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने दिल्ली के इंद्रप्रस्थ एस्टेट थाने में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दी है। इससे पहले कर्नाटक के मंगलुरु में भी बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने वंदे मातरम् के कथित अपमान के मामले में सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दी थी।

दिल्ली के थाने में दी गई शिकायत में कहा गया है कि वंदे मातरम् के दौरान सोनिया गांधी ने ऐसे इशारे किए, जिससे राष्ट्रगीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताने की बात सामने आती है। शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो के बारे में भी कहा गया है। जिसमें राहुल गांधी कथित तौर पर कहते हैं कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं। शिकायतकर्ता वकील ने राष्ट्रगीत के गायन को जानबूझकर रोकने या कार्यक्रम में रुकावट से जुड़े प्रावधानों का जिक्र कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि आईपी एस्टेट थाने में दर्ज शिकायत की जांच की जा रही है। पुलिस ये पता लगा रही है कि 15 अगस्त 2026 को वंदे मातरम् के गायन के वक्त उसका अपमान हुआ है या नहीं। बता दें कि कांग्रेस दफ्तर का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी लगातार सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर हमलावर है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के कार्यक्रम में कहा था कि वंदे मातरम् के अपमान के कारण देश की जनता सोनिया गांधी और कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज और पश्चिम बंगाल की नैहाटी सीट से बीजेपी विधायक सुमित्रो चटर्जी ने भी सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर नाराजगी जताई है। वहीं, कांग्रेस कह रही है कि सोनिया ने राष्ट्रगीत का गायन रोकने के लिए नहीं, मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी लाने का इशारा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *