नई दिल्ली। केरल के त्रिशूर जिले में एक भयंकर रोड एक्सीडेंट हुआ जिसमें 8 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े लॉरी ट्रक से तेज रफ्तार कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार 8 लोगों की जान चली गई। यह घटना शुक्रवार रात तकरीबन 11:40 बजे के आसपास की है। दुर्घटनाग्रस्त कार का रजिस्ट्रेशन नंबर तमिलनाडु का है। माना जा रहा है कि सभी मृतक छात्र तमिलनाडु के ही थे। पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
कार किस वजह से अनियंत्रित हुई फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ले रही है। बताया जा रहा है कि टक्कर होते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे शवों को निकालने में कार की बॉडी को कटर से काटना पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार गुरुवायूर की ओर से कोडुंगल्लूर की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। आगे से लेकर पीछे तक पूरी कार बुरी तरह से डैमेज हो चुकी है।
घटना के बाद सड़क पर कार के पुर्जे बिखर गए। संभावना जताई जा रही है कि शायद कार चालक को झपकी आ गई हो और इस वजह से खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरके शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पता चला है कि कार सवार सभी छात्र पीएसएनए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, डिंडीगुल के स्टूडेंट थे और केरल घूमने आए थे। पुलिस ने मृतक छात्रों के घर वालों को घटना के संबंध में सूचित कर दिया है।
