गांधी परिवार के वफादार रहे इस पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पार्टी से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस इस वक्त बुरे दौर से गुजर रही है। विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस पार्टी को लगातार झटके पे झटके लग रहे है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी को आज एक बार फिर झटका लगा है। दरअसल इस बार पूर्व कानून मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अश्विनी कुमार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। खबरों के अनुसार, अश्विनी कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर अपना इस्तीफा भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी से इस्तीफे देने की वजह भी बताई। अश्विनी कुमार ने सोनिया को लिखी चिट्ठी में कहा, “इस मामले पर विचार करने के बाद, मैंने निष्कर्ष निकाला है कि वर्तमान परिस्थितियों में और मेरी गरिमा के अनुरूप, मैं पार्टी के बाहर बड़े राष्ट्रीय मुद्दों का सबसे अच्छा समर्थन कर सकता हूं।
उन्होंने कहा, “मैं 46 वर्षों के लंबे जुड़ाव के बाद पार्टी छोड़ रहा हूं।” उन्होंने अपने त्याग पत्र में कहा, “अतीत में मुझ पर ध्यान देने के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं और आने वाले वर्षों में आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
बता दें कि इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंंत्री आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। वहीं भाजपा में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह ने कांग्रेस हाईकमान को निशाने पर भी लिया था। उन्होंने कहा था कि मैंने 32 साल कांग्रेस में बिताए, लेकिन अब पार्टी वैसी नहीं रही। आपको बता दें कि अश्विनी कुमार पंजाब से राज्यसभा सांसद थे। लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनका इस्तीफा देना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
अहम बात ये भी है अश्विनी कुमार सोनिया गांधी के वफादार माने जाते थे। इसके अलावा वो पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के करीबी भी माने जाते हैं। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को वोटिंग होनी है, जबकि 10 मार्च को नतीजे घोषित किए जाएगे। अब सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या आरपीएन सिंह के बाद अब अश्विनी कुमार भी भाजपा का दामन थामेंगे।
