‘जेल में लो कैलोरी भोजन लेने से अरविंद केजरीवाल का वजन घटा’
नई दिल्ली। पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने आरोप लगाया था कि तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल की जान को खतरा है। संजय सिंह ने दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल का वजन 8 किलो घटा है। वहीं, आतिशी ने कहा था कि केजरीवाल कोमा में भी जा सकते हैं। बाद में पता चला कि अरविंद केजरीवाल का वजन 8 किलो नहीं, बल्कि 2 किलो कम हुआ था। अब दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना के दफ्तर से मुख्य सचिव को भेजी गई चिट्ठी में जेल अधीक्षक की रिपोर्ट के हवाले से दावा किया गया है कि अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में कम कैलोरी वाला भोजन कर रहे हैं और इस वजह से उनका वजन घट रहा है।
एलजी के दफ्तर से मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल डॉक्टरों के दिए डायट चार्ट का पालन नहीं कर रहे। चिट्ठी में एलजी ने अरविंद केजरीवाल की तरफ से ठीक से भोजन न करने और दवा न खाने पर चिंता जताई है। चिट्ठी में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल जानबूझकर कम कैलोरी वाला भोजन कर रहे हैं। 6 जून से 13 जुलाई के बीच अरविंद केजरीवाल की तरफ से ठीक से भोजन न करने का उल्लेख इस चिट्ठी में है।
एलजी के दफ्तर से लिखी गई इस चिट्ठी पर भी सियासत एक बार फिर गर्मा गई है। लेफ्टिनेंट गवर्नर दफ्तर से भेजी गई चिट्ठी पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने सवाल उठाया है कि एलजी साहब ये क्या मजाक कर रहे हैं, क्या कोई खुद की शुगर कम करेगा? वहीं आतिशी ने कहा है कि बीजेपी सीएम अरविंद केजरीवाल को मारने की साजिश रच रही है। सीएम कोमा में जा सकते हैं और ब्रेन स्ट्रोक का भी खतरा है।
दूसरी तरफ दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी पलटवार किया और अरविंद केजरीवाल के षड्यंत्र का पर्दाफाश होने की बात कही। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि तिहाड़ जेल के अधीक्षक की चिट्ठी सार्वजनिक हुई। जिसमें साफ लिखा है कि कोर्ट के आदेश से अरविंद केजरीवाल को घर का भोजन मिलता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवास लगातार लो कैलोरी वाला खाना खा रहे हैं, ताकि वजन कम हो। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सहानुभूति चाहते हैं, ताकि जमानत मिल जाए।
सचदेवा ने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल को 21 दिन की जमानत मिली थी और वो सुबह से शाम तक पार्टी का प्रचार करने के लिए दौड़ते रहे। तब उनकी तबीयत ठीक थी। जेल जाने से पहले स्वांग रचा कि तबीयत गड़बड़ है। सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल तबीयत खराब होने का बहाना कर जेल से बाहर आना चाहते हैं।
