August 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी ने अपनी ही पार्टी के सांसद से वापस ले लिया ‘बंग विभूषण’ अवॉर्ड, जानिए क्यों?

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी ही पार्टी बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज को प्रदान किया गया ‘बंग विभूषण’ अवॉर्ड वापस ले लिया है। दरअसल, अनंत महाराज ने हाल ही में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर काफी अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसको लेकर सख्ती बरतते हुए बंगाल सीएम ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। बंगाल सरकार ने राज्यसभा सांसद से राजकीय सम्मान को वापस लेकर उसे निरस्त भी कर दिया है। 21 फरवरी 2026 को बंगाल की तत्कालीन टीएमसी सरकार ने अनंत महाराज को राजकीय सम्मान से सम्मानित किया था।

इस पूरे प्रकरण को लेकर बंगाल की बीजेपी सरकार की ओर से एक नोटिस जारी किया गया है। इसमें अनंत महाराज पर राज्य की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की बात ही गई है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि अनंत महाराज के सामाजिक योगदान के मद्देनजर उनको प्रदेश के राजकीय सम्मान बंग विभूषण से नवाजा गया था। मगर उनकी हालिया टिप्पणियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अनंत महाराज ने नेताजी को युद्ध अपराधी बताया था। इतना ही नहीं आजादी की लड़ाई में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान और आजाद हिंद फौज की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए बहुत सी अपमानजनक बातें कही थीं। इसके बाद बीजेपी के ही कई नेताओं ने अनंत महाराज का विरोध किया था।

वहीं सीएम शुभेंदु अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा था कि राष्ट्रीय नायकों का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं अनंत महाराज के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशनों में लिखित शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की मांग की गई है। नागेंद्र राय ग्रेटर कूच बिहार पीपुल्स एसोसिएशन के प्रमुख नेता हैं। उत्तरी बंगाल के राजबंशी समुदाय में उनका अच्छा खासा प्रभाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *