August 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एयर इंडिया ने सभी पायलटों का डोप टेस्ट अनिवार्य किया, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट की घटना के बाद उठाया कदम

नई दिल्ली। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के सभी पायलटों का अब डोप टेस्ट किया जाएगा। इस टेस्ट को आज से अनिवार्य कर दिया गया है। फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI 2379 जो 4 अगस्त को टर्बुलेंस में फंस गई थी उसके पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद एयरलाइंस ने सभी पायलटों की स्क्रीनिंग करने का फैसला किया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को मिलाकर लगभग 5 हजार से ज्यादा पायलट हैं। एयरलाइंस के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा उसके लिए सर्वोपरि है और इसी उद्देश्य से उनका भरोसा बनाए रखने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि गुरुग्राम ट्रेनिंग अकादमी में डोप टेस्ट होगा। इसके अलावा फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के ऑफिस और संबंधित बेस लोकेशन पर पायलटों की स्क्रीनिंग की जाएगी। एयर इंडिया के अनुसार कंपनी पहले से ही नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सभी नियमों का सख्ती से पालन करती है लेकिन अब उससे एक कदम आगे बढ़ते हुए यह फैसला लिया गया है। इस संबंध में कंपनी ने अपने सभी पायलटों को एक इंटरनल मेल भी भेजा है।

आपको बता दें कि फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के पायलट इन कमांड के दो टेस्ट हुए थे। स्क्रीनिंग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद कन्फर्मेटरी टेस्ट रिपोर्ट भी नॉन नेगेटिव आई थी। इससे इस बात की पुष्टि हुई कि पायलट नशा करके विमान को उड़ा रहा था। टर्बुलेंस के कारण फ्लाइट अचानक लगभग 300 फीट तक नीचे आ गई थी और तेज झटकों की वजह से यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मिलाकर 17 लोगों को चोटें लगीं थीं। अभी उस केस की जांच चल रही है। उस घटना के बाद से एयरलाइन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार ने इस मामले एयर इंडिया के तत्कालीन सीईओ को तलब भी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *