April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

साकेत कोर्ट में लॉकअप के अंदर कैदियों के बीच खूनी झड़प, एक की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली की साकेत कोर्ट में कैदियों में खूनी झड़प हो गई। कोर्ट लॉकअप में बंद दो कैदियों जितेन्द्र और जयदेव ने मिलकर तीसरे कैदी अमन की हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस के अनुसार जितेन्द्र और अमन के बीच किसी बात को लेकर पुरानी दुश्मनी थी। 2024 में दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जब वो दोनों जेल के बाहर थे। अमन ने कथित तौर पर जितेन्द्र और उसके भाई पर चाकू से हमला किया था। हमलावर दोनों आरोपी तिहाड़ जेल नंबर 8 में बंद थे और उन्हें पेशी के लिए साकेत कोर्ट लाया गया था। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हैं और दोनों हमलावरों से पूछताछ की जा रही है।

मृतक कैदी अमन दिल्ली के गोविंदपुरी का रहने वाला था। कोर्ट लॉकअप के अंदर हुई इस खूनी वारदात को देखकर वहां मौजूद अन्य लोग डर गए। पुलिस ने बताया कि तिहाड़ जेल से लाने के बाद तीनों कैदियों को साकेत कोर्ट की एक ही बैरक में बंद कर दिया गया। यहां अमन को अकेला पाकर जितेंद्र और जयदेव ने हमला कर दिया। पुलिस ने तुरंत लॉकअप खोलकर कैदी अमन को वहां से निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। मृतक कैदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वैसे यह पहला मामला नहीं है जब साकेत कोर्ट में खून खराबा हुआ हो। इससे पहले अप्रैल 2023 में कामेश्वर सिंह नाम के एक वकील ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह मामला कई दिनों तक सुर्खियों में रहा था। कामेश्वर को बार काउंसिल ने एक अलग मामले में निलंबित कर दिया था। इस  घटना के बाद साकेत कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगने शुरू हो गए थे। अब जब कोर्ट के लॉकअप में कैदियों के बीच खूनी झड़प हुई तो फिर से पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *