June 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा के लिए आज शाम आएंगे एक्जिट पोल, क्या सच होंगे दावे या हरियाणा जैसा होगा हाल?

नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा की 288 और झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 39 के लिए वोटिंग आज शाम 5 बजे खत्म हो जाएंगी। झारखंड विधानसभा चुनाव को 2 चरणों में कराया गया। 13 नवंबर को झारखंड विधानसभा की 42 सीटों की वोटिंग हुई थी। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे तो 23 नवंबर को आएंगे और उस तारीख को दोपहर तक पता चलेगा कि दोनों राज्यों में किसकी सरकार बनने जा रही है, लेकिन आज शाम 5 बजे वोटिंग खत्म होने के बाद महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों का एक्जिट पोल आएगा।

महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव में किन गठबंधनों और पार्टियों को जीत हासिल होता है, इसके बारे में एक्जिट पोल में बताया जाएगा। तमाम न्यूज चैनल के अलावा तमाम बड़े अखबार भी अलग से एक्जिट पोल कराते हैं। हालांकि, हर बार एक्जिट पोल का नतीजा सही भी नहीं होता। ताजा मामला हरियाणा विधानसभा चुनाव का ही है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल में दावा किया गया था कि वहां कांग्रेस की बंपर जीत होगी, लेकिन जब असली वोटिंग के नतीजे आए, तो बीजेपी ने फिर अपनी सरकार बना ली। हालांकि, जब वोटों की गिनती हो रही थी, उस वक्त शुरुआत के रुझानों में हरियाणा में कांग्रेस की ही सरकार बनती दिख रही थी।

फिर भी तमाम बार एक्जिट पोल सही भी साबित हो चुके हैं। साथ ही कई बार अलग-अलग एक्जिट पोल के दावे भी एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। ऐसे में देखना होगा कि आज किस एक्जिट पोल में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के बारे में क्या दावा किया जाता है और 23 नवंबर को वोटों की गिनती के बाद इनमें से कितने सही होते हैं। महाराष्ट्र में एक तरफ सत्तारूढ़ बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी वाला महायुति गठबंधन है। वहीं, उसे कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी और शरद पवार की एनसीपी का महाविकास अघाड़ी चुनौती दे रहा है। वहीं, झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी का महागठबंधन दोबारा सत्ता में आने की कोशिश में है। जबकि, उसे बीजेपी और आजसू का गठबंधन टक्कर दे रहा है।