April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कर्नाटक के स्कूल-कॉलेजों में अभी जारी रहेगा हिजाब पर बैन, जानिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का क्यों नहीं पड़ेगा असर?

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब बैन पर एकमत जाहिर नहीं किया। जस्टिस हेमंत गुप्ता और जस्टिस सुधांशु धूलिया की राय इस मामले में अलग-अलग रही। इस वजह से कर्नाटक में हाईकोर्ट का वो फैसला जारी रहेगा, जिसमें उसने स्कूल-कॉलेजों में हिजाब पर बैन लगाने के राज्य सरकार के फैसले को सही ठहराया था। यानी कर्नाटक के सरकारी स्कूल और कॉलेजों में मुस्लिम छात्राओं को बिना हिजाब के ही अभी आना होगा। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील वरुण सिन्हा ने ये जानकारी दी। वकील वरुण सिन्हा के मुताबिक अभी कर्नाटक में हाईकोर्ट का फैसला ही लागू रहेगा। क्योंकि एक जज ने याचिका को खारिज किया है और दूसरे ने अर्जी को सही बताते हुए सरकार के आदेश को रद्द किया है।

बता दें कि जस्टिस हेमंत गुप्ता ने अपने फैसले में कहा कि हिजाब पर बैन का कर्नाटक सरकार का फैसला सही है। वहीं, जस्टिस धूलिया ने कहा कि वो इससे इत्तिफाक नहीं रखते। जस्टिस धूलिया ने कहा था कि मुस्लिम लड़कियों को भी शिक्षा का हक है और किसी आदेश की वजह से इसपर रोक नहीं लगनी चाहिए। उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 19 और 25 का मामला बताया था। बेंच ने इस मामले को फैसले के लिए बड़ी बेंच के पास भेजने की सिफारिश की है। ये मामला अब 3 जजों की सुप्रीम कोर्ट बेंच सुनेगी।

मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जस्टिस धूलिया के फैसले का स्वागत किया है। वहीं, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने कहा कि उन्हें बेहतर फैसले की उम्मीद थी। बता दें कि कर्नाटक के उडुपी में हिजाब का मामला इस साल की शुरुआत में गरमाया था। तब 6 छात्राएं सरकारी कॉलेज में हिजाब पहनकर जाने पर अड़ी थीं। कर्नाटक सरकार ने इस पर बैन लगाया था। छात्राएं इस बैन के खिलाफ हाईकोर्ट गई थीं। जहां से उनको राहत नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *