June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ब्रिटेन पर भारतीय के राज करने का आ गया वक्त! पीएम पद की दौड़ में आगे चल रहे ऋषि सुनक

लंदन। भारत पर ब्रिटेन ने 200 साल राज किया। अब ब्रिटेन पर भारतीय के राज करने का मौका आता दिख रहा है। बात हम ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री की कर रहे हैं। इस पद को संभालने की दिशा में भारतीय मूल के कंजरवेटिव नेता ऋषि सुनक और आगे बढ़ गए हैं। उनका मुकाबला अब पेनी मॉर्डेंट से है। पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन ने दोबारा पीएम पद संभालने से इनकार कर दिया है। जॉनसन ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि उनके पास तमाम सांसदों का समर्थन है, लेकिन वो ऋषि से पीछे हैं। इस वजह से नए पीएम के चुनाव को नहीं लड़ना चाहते।

जॉनसन ने कहा कि उनके पास 100 से ज्यादा सांसद तो हैं, लेकिन ऋषि के पास इससे ज्यादा समर्थन है। इसी वजह से वो अब कंजरवेटिव पार्टी के नेता की रेस में नहीं उतरेंगे। बोरिस जॉनसन ने कहा कि उनके पास देने के लिए काफी कुछ है, लेकिन ये सही वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि ऋषि सुनक और पेनी मॉर्डेंट से संपर्क किया था। हम ब्रिटेन के हित में साथ आ सकते थे, लेकिन मेरी योजना सफल नहीं हुई। इससे पहले सुनक ने पीएम पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का फिर से एलान किया था। पिछली बार वो लिज ट्रस से चुनाव हार गए थे। सुनक के पास फिलहाल 144 और पेनी मॉर्डेंट के पास 23 सांसदों का समर्थन है।

बता दें कि लिज ट्रस ने बीते दिनों पीएम पद से इस्तीफा देने का एलान किया था। वो महज 44 दिन इस पद पर रहीं। टैक्स छूट के मुद्दे पर लिज का जमकर विरोध हो रहा था। उनको पहले अपने वित्त मंत्री को हटाना पड़ा था। फिर एक गलती के कारण उनकी सरकार की गृह मंत्री सुएला को भी इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं, एक सर्वे के नतीजों से पता चला है कि ब्रिटेन में सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी को लोग पसंद नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह उसकी नीतियां हैं। विपक्षी लेबर पार्टी ऐसे में उस पर लगातार हमले कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *