June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

देव दीपावली पर आज 21 लाख दीयों से जगमगाएगी भोलेनाथ की काशी, अभेद्य सुरक्षा के बीच 6 जगह होगा सीधा प्रसारण

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर आज भोलेनाथ की नगरी काशी के घाट दीयों की जगमग बिखेरेंगे। मौका देव दीपावली का है। देव दीपावली पर शाम 5.15 बजे से पवित्र गंगा नदी के तट पर 10 लाख दीये जलाने की शुरुआत होगी। भव्य और दिव्य देव दीपावली मनाने के लिए यूपी की योगी सरकार ने सभी तैयारियां की हैं। खुद सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को वाराणसी पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। घाटों पर 10 लाख दीयों के साथ ही पूरे शहर में भी देव दीपावली पर 11 लाख और दीये जलाए जाएंगे। इस कार्यक्रम के कारण वाराणसी में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

देव दीपावली पर जब लाखों दीपों की माला पहने हुए माँ गंगा का शृंगार होता है तो ऐसा लगता है मानो आसमान के सितारे जमीन पर उतर आए हैं। इसके अलावा काशी के घाटों पर आज अमृत महोत्सव की झलक भी देखने को मिलगी। सोमवार शाम 8 लाख दीये वाराणसी में गंगा के पश्चिमी तट पर स्थित तकरीबन 84 घाटों पर जलाये जाएंगे, जबकि पूर्वी तट पर रेत पर भी 2 लाख दीप रोशन होंगे। देव दीपावली पर होटल, गेस्ट हाउस, नाव, बजरा, बोट व क्रूज़ की पहले से ही प्री बुकिंग हो चुकी है। योगी सरकार चेत सिंह घाट पर पहली बार 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो आयोजित करा रही है। काशी के घाटों के किनारे सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों पर धर्म की कहानी जीवंत होती दिखेगी। वही गंगा की गोद में शिव भजनों का लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो होगा। पर्यटक ग्रीन पटाखों का भी आनंद ले सकेंगे।

वाराणसी के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) देशों से रूस के एक व किर्किस्तान के दो सदस्य इस बार देव दीपावली में मेहमान होंगे। वाराणसी के डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि सरकारी इमारतों, सभी चौराहों और पोलों पर स्पायरल तिरंगा एलईडी लाइटिंग लगायी गई है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। रंगोली, फसाड लाइट व बिजली की लड़ियों से सजावट किया गया है। देव दीपावली पर विश्व प्रसिद्ध काशी के घाट की आरती और सजावट शहर के कई स्थानों से सजीव देखा जा सकेगा। योगी सरकार ने इसके लिए छह प्रमुख स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की है। ये स्थान अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, राजघाट, गोदौलिया मल्टी लेवल पार्किंग व वाराणसी कैंट स्टेशन हैं। इस मौके पर काशी से जुड़े महान सपूतों को पहला दीप अर्पित किया जाएगा। अस्सी घाट पर महामना मदन मोहन मालवीय, तुलसी घाट पर गोस्वामी तुलसीदास, हरिश्चंद्र घाट पर डोम राजा, सिंधिया घाट पर तैलंग स्वामी और स्वामी विवेकानंद जैसी विभूतियों के चित्र लगाए जाएंगे। इसके अलावा संगीतकार भारत रत्न पं रविशंकर, भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां, पद्मविभूषण पं किशन महाराज, पद्मविभूषण गिरिजा देवी, पद्मभूषण पं राजन मिश्रा, साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद, मुंशी प्रेमचंद के भी चित्र लगेंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *