May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीबीसी पर इनकम टैक्स के छापे के बाद अब ईडी का चला डंडा, फेमा मामले में दर्ज किया केस

नई दिल्ली। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का डंडा चला है। ईडी ने बीबीसी पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) के तहत केस दर्ज किया है। ईडी के मुताबिक बीबीसी पर ये केस विदेशी फंडिंग में गड़बड़ी के मामले में दर्ज किया गया है। पिछले दिनों इनकम टैक्स ने भी करीब 3 दिन तक बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों पर छापे मारे थे।

इनकम टैक्स का आरोप था कि बीबीसी ने बिल में गड़बड़ी की। बीबीसी ने इस छापे पर कहा था कि वो भारतीय एजेंसी का सहयोग कर रहा है। अब ईडी की तरफ से फेमा मामले में ताजा केस दर्ज होने से बीबीसी प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। फेमा मामले में ईडी को गिरफ्तारी करने का भी अधिकार है।

बीबीसी ने पीएम नरेंद्र मोदी की गुजरात दंगों में भूमिका पर डॉक्यूमेंट्री बनाई थी। इस डॉक्यूमेंट्री को मोदी सरकार ने बैन कर दिया था। इसके बाद विपक्ष की तरफ से मोदी सरकार पर मीडिया का गला घोंटने का आरोप लगा था। जबकि, बीजेपी ने कहा था कि इंदिरा गांधी ने भी पीएम रहते बीबीसी को भारत में बैन किया था। इसकी वजह बीबीसी की पक्षपातपूर्ण पत्रकारिता थी।

बीबीसी पर भारत विरोधी कंटेंट परोसने का हमेशा आरोप लगता रहा है। बीबीसी को मंगलवार को तब भी झटका लगा था, जब ट्विटर ने उसे सरकारी फंडिंग से चलने वाला मीडिया करार दिया था। इस पर बीबीसी ने आपत्ति जताई थी। बीबीसी ने कहा था कि उसे सरकार लाइसेंस फीस के तहत पैसे देती है। उसने खुद को फिर स्वतंत्र मीडिया बताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *