May 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिवाली पर अब न्यूयॉर्क के स्कूलों में भी होगी छुट्टी, मेयर बोले- समुदायों के विकास के लिए फैसला

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क में भी इस साल से दिवाली पर स्कूलों में छुट्टी दी जाएगी। अब तक यहां दिवाली पर छुट्टी नहीं मिलती थी। दिवाली पर छुट्टी के एलान से न्यूयॉर्क में बड़ी तादाद में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के बच्चों को ये त्योहार उत्साह से मनाने का मौका मिलेगा। भारतीय समुदाय की तरफ से इस फैसले का जमकर स्वागत किया गया है। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने सोमवार को दिवाली पर छुट्टी का एलान किया। एरिक एडम्स ने कहा कि स्कूलों में दिवाली की छुट्टी से न्यूयॉर्क में रहने वाले दक्षिण एशियाई और इंडो-कैरिबियन मूल के नागरिकों के विकास को मान्यता मिलेगी।

न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स के मुताबिक ये ऐसा शहर है, जहां लगातार बदलाव आ रहे हैं। दुनियाभर के लोगों का स्वागत न्यूयॉर्क करता है। लूनर न्यू ईयर और रोश हशाना के पर्वों पर भी मेयर ने स्कूलों में छुट्टी का एलान किया है। रोश हशाना पर्व यहूदी मनाते हैं। जबकि, लूनर न्यू ईयर को चीनी मूल के लोग पर्व के तौर पर मान्यता देते हैं। मेयर एरिक के मुताबिक न्यूयॉर्क के स्कूलों को जमीनी स्तर पर वास्तविकता को दिखाने की जरूरत है। जो ताजा छुट्टियां घोषित की गई हैं, उनसे इसी भावना को बल दिया गया है।

न्यूयॉर्क शहर के अफसरों के मुताबिक यहां 2 लाख से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इनमें हिंदुओं के अलावा सिख, जैन और बौद्ध भी हैं। भारतीय मूल के ये सभी लोग दिवाली का त्योहार उत्साह से मनाते हैं। यहां दिवाली पर छुट्टी न होने से बच्चों को त्योहार के दिन स्कूल जाना होता था। उनके माता-पिता भी दफ्तर जाते थे और घर लौटने के बाद हड़बड़ी में दिवाली का त्योहार मनाते थे। हालांकि, इस साल दिवाली की छुट्टी का कोई मतलब नहीं रह जाएगा, क्योंकि ये 12 नवंबर को होगी और उस दिन रविवार होने की वजह से छुट्टी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *