घर में फंदे से लटकी पाई गई मलयालम टीवी एक्ट्रेस अपर्णा नायर, पुलिस ने दर्ज किया मामला
नई दिल्ली। साउथ इंडस्ट्री से एक दर्दनाक खबर निकलकर सामने आई है। मलयालम टेलीविजन अभिनेत्री अपर्णा नायर तिरुवनंतपुरम में अपने घर में मृत पाई गईं। उनके परिवार में उनके पति और दो बच्चे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मलयालम सिने-धारावाहिक अभिनेत्री अपर्णा नायर तिरुवनंतपुरम में अपने आवास पर मृत पाई गईं। पुलिस ने कहा कि 33 वर्षीय अभिनेत्री, जिन्होंने कुछ फिल्मों और कई धारावाहिकों में अभिनय किया है, कल रात करमना के पास अपने आवास पर अपने कमरे के अंदर लटकी हुई पाई गईं।
अभिनेत्री अपर्णा नायर अपने आवास पर मृत पाई गई। जिसके बाद तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई है। पुलिस ने बताया कि अपर्णा अपने पति और बच्चों के साथ रह रही थी। घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। पुलिस ने आगे ये भी बताया कि उन्हें घटना के बारे में निजी अस्पताल द्वारा सूचित किया गया था। जहां उन्हें फांसी पर लटके पाए जाने के बाद भर्ती कराया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई के हवाले से कहा- ‘हमें अस्पताल से सूचना मिली और हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। उनके परिवार में उनके पति और दो बच्चे हैं।’ पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है और इस कदम के पीछे पारिवारिक मुद्दे हैं। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है, जब साउथ इंडस्ट्री के किसी एक्टर ने सुसाइड किया हो। पिछले कुछ समय में साउथ इंडस्ट्री के ऐसे कई टीवी-फिल्म एक्टर रहें हैं, जिन्होंने खुद मौत को गले लगा लिया।
