March 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पति रॉबर्ट के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा की भी बढ़ सकती हैं मुश्किलें, ईडी ने इस मामले में लिया है नाम

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए आने वाले दिन मुश्किलों भरे हो सकते हैं। मीडिया की खबरों के मुताबिक ईडी ने प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में लिया है। खबरों के मुताबिक ईडी ने कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में बताया है कि प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने दिल्ली के रियल एस्टेट एजेंट के जरिए हरियाणा में जमीन खरीदी। इस एजेंट ने एनआरआई कारोबारी सीसी थंपी को भी जमीनें बेची हैं। इस बारे में ताजा खबर के मुताबिक ईडी ने कहा है कि रॉबर्ट वाड्रा और थंपी के बीच काफी समय से रिश्ते हैं और वे साथ में कारोबार के अलावा भी कई काम करते हैं। ये पूरा मामला हथियारों की दलाली करने वाले संजय भंडारी से जुड़ा है। संजय भंडारी को कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर रखा है।

संजय भंडारी साल 2016 में ही ब्रिटेन भाग गया था। वहां के कोर्ट ने उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया था। जिसे ऊंची अदालत में संजय भंडारी ने चुनौती दे रखी है। संजय भंडारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग, विदेशी मुद्रा और काला धन कानूनों के संबंध में जांच चल रही है। उस पर गोपनीयता कानून भंग करने का भी केस दर्ज किया जा चुका है। ईडी ने पहले इस मामले में कोर्ट में जो चार्जशीट दाखिल की थी, उसमें रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिया था। अब पहली बार कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों में ईडी ने प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम भी लिया है। थंपी पर आरोप है कि उसने ब्रिटिश नागरिक सुमित चड्ढा के साथ मिलकर संजय भंडारी की अपराध की कमाई छिपाई।

अपनी चार्जशीट में ईडी ने आरोप लगाया है कि एचएल पाहवा ने वाड्रा और थंपी को जमीनें बेचीं। जमीनों की खरीद के लिए पाहवा को बेनामी रकम की दी गई और वाड्रा ने जमीन बिक्री के एवज में पूरा पैसा भी पाहवा को नहीं दिया। ईडी के मुताबिक पाहवा ने साल 2006 में प्रियंका गांधी को हरियाणा में खेती की जमीन बेची और फिर 2010 में प्रियंका से जमीन वापस खरीद ली। ईडी ने हालांकि अभी प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा को आरोपी नहीं बनाया है, लेकिन चार्जशीट में नाम होने से दोनों की मुश्किल बढ़ सकती है।