प्राण प्रतिष्ठा के लिए रामलला की मूर्ति के चयन पर बोले चंपत राय, ‘मैं अभी कुछ नहीं कहूंगा…’
Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले रामलला की मूर्ति का चयन हो गया है। यह मूर्ति अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई है, इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दी है। लेकिन, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस बारे अभी कुछ भी कहने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मैं अभी कुछ नहीं बोलूंगा।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने आज यानी मंगलवार को कहा कि इस मामले में मैं अभी कुछ नहीं बोलूंगा। मूर्तिकार मंदिर समिति ही इस पर अंतिम फैसला लेगी। उनका कहना है कि 29 दिसंबर को वोटिंग के जरिये रामलला की मूर्ति फाइनल की जा चुकी है। हालांकि 17 जनवरी को इस मूर्ति की तस्वीर और वीडियो आम जनता के लिए जारी किया जाएगा। 11 सदस्यीय मूर्तिकार मंदिर समिति के सदस्यों ने अपने वोट देकर रामलला की मूर्ति फाइनल कर दी है। 17 जनवरी अयोध्या में नगर यात्रा के दौरान मूर्ति का अनावरण किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने दी यह जानकारी
जानकारी के मुताबिक, मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और भगवान हनुमान की प्रतिमा अयोध्या में स्थापित की जाएगी। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अपने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर एक तस्वीर साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए मूर्ति के चयन को अंतिम रूप दे दिया गया है। हमारे देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार योगीराज अरुण द्वारा बनाई गई भगवान राम की मूर्ति अयोध्या में स्थापित की जाएगी।”
दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी प्राण-प्रतिष्ठा
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इससे पहले बताया, ” रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी।” उन्होंने कहा, ”प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आरती करो, पास-पड़ोस के बाजारों में, मोहल्लों में भगवान का प्रसाद वितरण करो और सायंकाल सूर्यास्त के पश्चात दीपक जलाओ। ऐसा ही निवेदन आग्रह प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ने अयोध्या से सारे संसार का आह्वान करते हुए किया है।”
NEWS SOURCE : punjabkesari
