June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Weather: दिल्ली में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, जल्दी ठंड के कम होने के आसार नहीं

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को काफी बारिश हुई। इसके अलावा देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इससे मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठंड का कहर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान लगाया था कि मौसम करवट लेगा। बताया जा रहा है कि एक के बाद एक 3 पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और बर्फबारी का दौर 5 फरवरी तक जारी रहेगा। यानी अगले 4 दिन में मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप एक बार फिर देखने को मिल सकता है। कोहरा भी काफी होने के आसार हैं।

कोहरे के कारण यातायात में भी काफी बाधा हो रही है। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। फ्लाइट्स पर भी कोहरे का असर बीते कुछ दिनों में देखने को मिला है। इसकी वजह से जरूरी काम के कारण इधर-उधर जाने वालों को समस्या हो रही है। ठंड बढ़ने की वजह से लोग अलाव तापने पर भी मजबूर हो रहे हैं। माना जा रहा है कि फरवरी के मध्य से ठंड कम होनी शुरू होगी। मार्च के दूसरे हफ्ते तक कंपाने वाली ठंड से निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, हर साल ठंड कुछ कम होने के बाद फिर लौटती है।

इस बार कंपाने वाली ठंड दिसंबर के महीने के अंत में आई। तभी से पूरी जनवरी मैदानी इलाकों में ठंड के असर से लोगों की दिनचर्या पर काफी असर पड़ा। कोहरा भी घना छाता रहा। कंपाने वाली ठंड इस बार मध्यप्रदेश के उत्तरी इलाकों में भी अपना असर दिखा रही है। अब आने वाले कुछ और दिन यूपी, राजस्थान, बिहार, मध्यप्रदेश के उत्तरी इलाकों, राजस्थान, झारखंड वगैरा में ठंड का असर देखा जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी ठंड का प्रकोप अभी जारी रहने के आसार हैं।