May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली समेत 4 राज्यों में लोकसभा सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में समझौता, पंजाब पर फंसा है मामला

नई दिल्ली। यूपी के बाद अब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से सीटों का बंटवारा कर लिया है। दिल्ली समेत 4 जगह कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लोकसभा सीटों का ये बंटवारा हुआ है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये जानकारी दी। कांग्रेस के नेता मुकुल वासनिक ने बताया कि गुजरात में 24 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और 2 पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली सीट दी गई है। जबकि, कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

मुकुल वासनिक ने बताया कि चंडीगढ़ की सीट पर कांग्रेस का प्रत्याशी होगा। वहीं, हरियाणा की 9 सीट पर कांग्रेस और 1 सीट पर आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही है। गोवा के बारे में उन्होंने बताया कि 2 सीटों पर कांग्रेस के ही उम्मीदवार होंगे। इस तरह देखा जाए, तो दिल्ली के अलावा बाकी 3 जगह आम आदमी पार्टी से ज्यादा सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। हालांकि, पंजाब को लेकर अब तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच समझौता नहीं हो सका है। कांग्रेस के नेता मुकुल वासनिक ने इस बारे में सवाल पूछने पर जवाब में मीडिया से सिर्फ इतना ही कहा कि आपको पता ही है कि पंजाब में विशेष हालात हैं। बता दें कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पहले ही साफ कर दिया था कि राज्य की सभी 13 लोकसभा सीटों पर उनकी पार्टी ही चुनाव लड़ेगी।

इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि वो तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। ज्यादा सवालों का भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सामना नहीं किया और एक-दो सवाल का जवाब देकर चले गए। आम आदमी पार्टी की तरफ से आतिशी और सौरभ भारद्वाज इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भी उनके साथ शामिल हुए।

You may have missed