February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

12वीं का पेपर लीक होने पर अखिलेश ने पूछा सवाल, ‘इस बात की गारंटी कौन लेगा कि दोबारा पेपर आउट नहीं होगा’

UP News: उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद अब यूपी बोर्ड परीक्षा में 12वीं का पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। दरअसल, आगरा जिले में गुरुवार दोपहर 12 वीं की द्वितीय पाली में गणित और जीव विज्ञान का पेपर वाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो गया। पेपर वायरल की खबर के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही गई। इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा है और पेपर लीक होने पर सवाल पूछे है। उन्होंने कहा, ‘इस बात की गारंटी कौन लेगा कि दोबारा परीक्षा होने पर फिर से पेपर आउट नहीं होगा।’

भाजपा परिवार वालों की विरोधी हैः अखिलेश 
सपा प्रमुख ने कहा कि “भाजपा सरकार के शासनकाल में जिस तरह से प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर यूपी बोर्ड तक के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं, उससे उप्र के युवाओं और बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। अब युवा ही नहीं बल्कि जो बच्चे पहली बार वोट डालेंगे उनके बीच भी भाजपा की छवि पूरी तरह धूमिल हो चुकी है और उनके माता-पिता के बीच भी। भाजपा दरअसल परिवार वालों की विरोधी है। परिवारवाले किस तरह त्याग करके अपने बच्चों को पढ़ाते हैं और किस प्रकार पेपर लीक से बच्चों में मनो-मानसिक हताशा होती है, उसका दर्द परिवार विरोधी भाजपा कभी नहीं जान सकती है।”

‘इस बात की गारंटी कौन लेगा कि दोबारा पेपर लीक नहीं होगा’
अखिलेश यादव ने कहा, “अन्य प्रदेशों में एडमिशन या प्रवेश परीक्षाओं की तारीख़ें उप्र में पेपर लीक होने की वजह से नहीं बदलेंगी, तो क्या हमारे प्रदेश के 12वीं के बच्चे इस मौके को खोकर अपने जीवन के सबसे ऊर्जावान सालों में से एक साल खो देंगे। बच्चों के माता-पिता निराश होकर भाजपा सरकार से पूछ रहे हैं कि इस बात की गारंटी कौन लेगा कि दोबारा परीक्षा होने पर फिर से पेपर आउट नहीं होगा। साथ ही छात्रों का कहना है कि ये तो वो विषय हैं जिनके बारे में ख़बर फैल गयी है, ऐसा भी तो हो सकता है कि अन्य विषयों के साथ ऐसा हुआ हो या होनेवाला हो जिसकी ख़बर किसी को नहीं है।”

‘BJP नकारात्मक राजनीति के चक्कर में देश-प्रदेश की सुध नहीं ले रही’
सपा अध्यक्ष अखिलेश ने यह भी कहा कि “भाजपा सरकार या तो नकारात्मक राजनीति के चक्कर में देश-प्रदेश की सुध नहीं ले पा रही है या किसी साँठगाँठ के कारण लेना नहीं चाहती है। भाजपा शुरू से ही शिक्षा और नौकरी के प्रति नकारात्मक है क्योंकि वो नहीं चाहती कि पढ़-लिखकर लोग जाग्रत हों और भाजपा की तर्कहीन राजनीति पर सवाल उठाएं। सच तो ये है कि इस बार लोकसभा चुनाव में पहली बार के वोटर छात्र-छात्राएं, नौकरी के लिए हताश हो चुके पढ़े-लिखे युवक-युवतियाँ बिना किसी बहकावे-भटकावे के भाजपा को हराने के लिए वोट करेंगे। इस बार छात्र, बेरोज़गार युवा व उनके माता-पिता, भाई-बहन और घर के बड़े, सब मिलकर भाजपा को सबक सिखाना चाहते हैं, बुरी तरह हराना चाहते हैं।”

NEWS SOURCE : punjabkesari

More Stories