May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की दी चेतावनी

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दी है। व्लादिमिर पुतिन ने कहा है कि अगर रूस की संप्रभुता और आजादी पर खतरा हुआ, तो वो परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे। पुतिन ने ये भी कहा कि अमेरिका किसी भी तनावपूर्ण स्थिति को बढ़ने से रोकने की कोशिश करेगा, जिससे परमाणु युद्ध शुरू हो सकता है। उन्होंने कहा कि रूस का परमाणु बल हमले के लिए पूरी तरह तैयार है। एक इंटरव्यू में पुतिन से पूछा गया था कि क्या वो यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियार के प्रयोग के बारे में सोच रहे हैं? इस पर रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि यहां परमाणु हथियार की जरूरत नहीं है।

उन्होंने ये भी कहा कि यूक्रेन संबंधी मकसद को रूस पूरा करेगा। पुतिन ने कहा कि बातचीत के लिए रास्ता हमेशा खुला रखा है। रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन के मसले पर पश्चिमी देशों के साथ कोई समझौता तभी हो सकता है, जब पक्की गारंटी मिले। हाल ही में अमेरिका के न्यूज चैनल सीएनएन ने दावा किया था कि यूक्रेन युद्ध में पुतिन परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने की तैयारी में थे, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी और कई अन्य देशों के नेताओं की सक्रियता के कारण परमाणु हमले को रूस ने टाल दिया। हाल ही में पुतिन ने ये भी कहा था कि रूस के पास ऐसे हथियार हैं, जो पश्चिमी देशों के इलाकों को भेद सकते हैं।

पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ 2022 में जंग शुरू की थी। फरवरी 2022 में जंग शुरू हुई, लेकिन रूस को अब तक यूक्रेन पर विजय नहीं हासिल हुई है। इसकी वजह ये है कि अमेरिका और यूरोप के देश पैसे और हथियार देकर यूक्रेन की मदद कर रहे हैं। अब पुतिन की परमाणु हमले संबंधी ताजा बयान से क्षेत्र में टकराव और तेज हो सकता है।