May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बदायूं में सनसनीखेज वारदात, 2 बच्चों की हत्या, पुलिस से एनकाउंटर में आरोपी साजिद की भी मौत

बदायूं। यूपी के बदायूं में सनसनीखेज घटना हुई है। यहां साजिद नाम के शख्स ने दो बच्चों की हत्या कर दी। पुलिस ने एनकाउंटर में साजिद को मार गिराया है। बच्चों की हत्या के बाद इलाके में तनाव हो गया। यहां लोगों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की। बड़ी तादाद में पुलिस को इलाके में लगाया गया है। आरोपी ने दोनों बच्चों की हत्या क्यों की, इस बारे में पुलिस तहकीकात करने में जुटी हुई है। मृत बच्चों के नाम आयुष और अहान बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक बदायूं के मझिया मार्ग पर बाबा कॉलोनी में ये वारदात हुई। यहां पानी की टंकी बनाने वाले ठेकेदार विनोद कुमार रहते हैं। उनके तीन बेटे हैं। साजिद का इसी इलाके में सैलून है। शाम को दुकान बंद कर वो चला गया। फिर रात 8 बजे दोबारा आया और विनोद कुमार के घर घुस गया। वहां उसने चाय मांगी और बच्चों की मां ने उसे चाय बनाकर दी। उसके बाद वहां ऊपर जाकर उसने बच्चों पर हमला कर दिया। एक बच्चा किसी तरह भागने में कामयाब रहा। बरेली के आईजी राकेश कुमार ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया। आईजी के मुताबिक साजिद ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया।

साजिद की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। आईजी के मुताबिक बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे। उसी दौरान साजिद पर वहां पहुंचकर दोनों की हत्या करने का आरोप है। राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। पता किया जा रहा है कि आखिर उसने ये घटना क्यों की। फिलहाल दोनों मासूमों की हत्या की खबर से शहर में सनसनी फैल गई। इलाके में तनाव और तोड़फोड़-आगजनी के बाद बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और हालात को काबू में किया।

More Stories