May 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल की गाजीपुर डीएम से बहस

गाजीपुर। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी को उसके परिवार के लोगों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस दौरान हजारों का मजमा इकट्ठा हुआ। तमाम लोगों ने मुख्तार के नाम पर नारे भी लगाए। गाजीपुर का प्रशासन नारेबाजी करने वाले इन सभी लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई की बात कर रहा है। वहीं, एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें सुपुर्द-ए-खाक से पहले मुख्तार अंसारी के सांसद भाई अफजाल अंसारी और गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी के बीच बहस होती दिख रही है।

दरअसल, मुख्तार के जनाजे में हजारों लोग आए थे। ये सभी सुपुर्द-ए-खाक के दौरान मुख्तार अंसारी की कब्र पर मिट्टी देने की बात कहने लगे। गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी ने ऐसा न होने देने की बात कही। इसी पर मुख्तार के सांसद भाई अफजाल अंसारी के साथ डीएम की बहस शुरू हो गई। आर्यका अखौरी ने साफ कह दिया कि धारा 144 लगी है और इतने लोगों के मिट्टी देने के लिए कोई परमीशन नहीं ली गई है। उन्होंने अफजाल अंसारी से कहा कि परिवार के लोग ही मिट्टी दे सकते हैं। इस पर अफजाल अंसारी ने तर्क दिया कि धार्मिक काम के लिए किसी परमीशन की जरूरत नहीं है। इस पर गाजीपुर की डीएम ने कहा कि अगर वो अड़े हैं, तो प्रशासन भी विधिक कार्रवाई करेगा।

गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी ने ये भी कहा है कि जिन लोगों ने मुख्तार की शवयात्रा के दौरान नारेबाजी की, उनकी वीडियोग्राफी कराई गई है। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। मुख्तार अंसारी की मौत गुरुवार को बांदा मेडिकल कॉलेज में हो गई थी। मुख्तार अंसारी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे हार्ट अटैक हुआ था। अभी उसके विसरा की जांच होनी है। मुख्तार ने मरने से पहले आरोप लगाया था कि बांदा जेल में उसे धीमा जहर दिया गया। मुख्तार का परिवार भी यही आरोप लगातार लगा रहा है। विसरा जांच में पता चलेगा कि जहर देने का आरोप सही है या नहीं।

More Stories