अब सुलतानपुर जिले का नाम बदलने की तैयारी में योगी सरकार,
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार सुलतानपुर का नाम बदलकर कुश भवनपुर करने की तैयारी कर रही है। भगवान राम के पुत्र का नाम कुश है। राजस्व मंडल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि इस आशय का एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है जो इसे राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी दिलाएगा। लंभुआ (सुल्तानपुर) से भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। इसके बाद, सुलतानपुर के जिला मजिस्ट्रेट और अयोध्या के संभागीय आयुक्त ने गजेटियर में सुलतानपुर के प्राचीन इतिहास का हवाला देते हुए जिले का नाम बदलकर कुश भवनपुर करने के लिए राज्य सरकार और राजस्व बोर्ड को एक सिफारिश भेजी थी।
अगर प्रस्ताव स्वीकार कर लिया जाता है, तो योगी आदित्यनाथ सरकार में सुलतानपुर तीसरा जिला होगा जिसका नाम बदला जाएगा। इससे पहले फैजाबाद को अयोध्या और इलाहाबाद को बदलकर प्रयागराज कर दिया गया था। सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी करती हैं।
वहीं अलीगढ़ की जिला पंचायत ने अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव पास किया। जिला पंचायत के 72 में से 50 सदस्य इस दौरान मौजूद थे। इनमें से किसी ने भी नाम बदलने के प्रस्ताव का विरोध नहीं किया। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की मांग काफी पुरानी है। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह के मुताबिक प्रस्ताव को यूपी सरकार के पास भेजा गया और वहां से इस बारे में फैसला होगा।
बता दें कि अलीगढ़ को विश्व हिंदू परिषद और RSS से जुड़े दूसरे संगठन हमेशा हरिगढ़ ही कहते हैं। जिला पंचायत ने अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम यूपी के सीएम रहे कल्याण सिंह के नाम पर रखने का भी प्रस्ताव पास किया है। कल्याण सिंह अलीगढ़ के ही मूल निवासी हैं।
