अयोध्या को कोसने वाली खानदानी पार्टियां अचानक सक्रिय हो गईं, उनको मुद्दा मिल गया, कांग्रेस और सपा पर बरसे योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में एक 951 करोड़ लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने बताया कि अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में एसआईटी को प्रमाण मिले जिसमें कुल 6 लोग चोरी करते हुए पाए गए। दो लोग साजिश का हिस्सा हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एसआईटी की सिफारिश के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई, कार्रवाई हो गई, फिर इसमें पूरे ट्रस्ट को बदनाम करने, पूरी अयोध्या पर उंगली उठाने और प्रभु श्री राम की विरासत को अपमानित करने का औचित्य कहां से उठता है। लेकिन लगता है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भारत की पूरी की पूरी आस्था को आहत करने और उस पर प्रहार करने का ठेका ले लिया है।
योगी बोले, हर रामभक्त को, भारत के हर आस्थावान नागरिक को इसके प्रति सचेत होना होगा। यह वो लोग हैं, जब इनको मौका मिला था तब यही समाजवादी पार्टी सरकारी पैसे को कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के नाम पर खर्च करती थी। यानी पैसा आपका, टैक्स आपका और आपकी ही जमीन को कब्रिस्तान के नाम पर दर्ज करवाकर बाउंड्री बनवाकर कब्जा कराने का काम समाजवादी पार्टी करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा, आपने देखा होगा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अचानक सक्रिय हो गई हैं। जो जन्मजात अयोध्या को कोसने वाले लोग थे, अयोध्या को कोसने वाली खानदानी पार्टियों को एक मुद्दा मिल गया है।
यूपी सीएम ने कहा, कांग्रेस की केंद्र में सरकार थी जब रामसेतु को तोड़ने के लिए कांग्रेस ने शरारत शुरू की थी तब कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल करते हुए कहा था कि भगवान राम तो हुए ही नहीं। भगवान राम और भगवान कृष्ण को काल्पनिक कहने में कांग्रेस को शर्म भी नहीं आई। हमारे प्रभु को काल्पनिक बोलने वाले और राम भक्तों पर गोलियां चलवाने वाले लोग किस मुंह से आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं।
