पूर्व एआरटीओ निकला धनकुबेर, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ कैश बरामद
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ में स्थित घर पर छापेमारी की। इस दौरान विजिलेंस टीम को 13 किलो सोना और 9 किलो चांदी, 1.62 करोड़ रुपए नकद, हीरे के गहने बरामद हुए हैं। सोना, चांदी और आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपए के आसपास बताई जा रही है। इसके अलावा कई शहरों में चल और अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिनकी कुल कीमत लगभग 35 करोड़ रुपए आंकी गई है।
छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम ने बैंक खातों की डिटेल भी खंगाली। टीम को पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपए से ज्यादा के इन्वेस्टमेंट से जुड़े कागज भी मिले हैं। जांच के दौरान विजिलेंस टीम ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि घर की बनावट और साज सज्जा में भी बहुत मोटी रकम खर्च की गई है। विजिलेंस टीम को छापेमारी के दौरान एक लाइसेंसी रिवाल्वर, एक इनोवा कार और एक आई20 कार भी मिली। फिलहाल विजिलेंस की टीम पड़ताल कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ललित कुमार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ललित कुमार के खिलाफ दो साल पहले 2024 में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज हुए इस मामले में उनके खिलाफ जांच लगातार जारी थी। इसी क्रम में जांच टीम ने कोर्ट से ललित कुमार के घर तलाशी का वारंट प्राप्त किया। अदालत की अनुमति के आधार पर ललित कुमार के अलीगंज स्थित घर पर 2 दिन (7 और 8 जुलाई) तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। विजिलेंस टीम के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर ललित कुमार की कुछ और संपत्तियों के बारे में भी पता चल सकता है।
