महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ के चलते नदी में बह गए रसोई गैस के 3000 सिलेंडर
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से लगभग 3000 रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए हैं। नदी में बहते हुए एलपीजी सिलेंडरों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह सभी सिलेंडर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के हैं। इन सिलेंडरों में कितने भरे और कितने खाली हैं इसकी पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी में बहकर आए किसी भी गैस सिलेंडर के संबंध में सूचना स्थानीय अधिकारी को दें और उन सिलेंडरों से दूर रहें, उनको हाथ नहीं लगाएं क्योंकि वो खतरनाक हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका के चावणे में एचपीसीएल का पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट है। इलाके में हुई भारी बारिश के कारण प्लांट की बाउंड्री टूट गई और इस वजह से बाढ़ का पानी प्लांट के अंदर घुस गया। बाढ़ के पानी में गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि कुछ लोग नदी में बह रहे सिलेंडरों को निकाल रहे हैं। रायगढ़ के कलेक्टर किशन जावले ने नागरिकों से अपील की है कि अगर नदी में बहते हुए ये सिलेंडर किसी को मिलें तो उनको अपने घर में न ले जाएं क्योंकि वो कितने सुरक्षित हैं यह कहा नहीं जा सकता। इन सिलेंडरों से गैस का रिसाव हो सकता है और इसलिए यह सिलेंडर जानलेवा हो सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि इन सिलेंडरों को संबंधित अधिकारियों या एचपीसीएल कंपनी को सौंप दें। प्रशासनिक अधिकारी पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से लगातार सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। उधर, सोशल मीडिया में वायरल वीडियो पर यूजर्स तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।
