June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल ने जेल जाने से पहले चला इमोशनल कार्ड, लोगों से की भावुक अपील

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत अवधि बढ़ाए जाने की मांग सुप्रीम कोर्ट से खारिज होने के बाद अब उनको 2 जून को सरेंडर करना पड़ेगा। अपने सरेंडर से पहले केजरीवाल ने आज इमोशनल कार्ड खेलते हुए लोगों से भावुक अपील की। अरविंद केजरीवाल ने वीडियो जारी कर कहा, सुप्रीम कोर्ट ने मुझे चुनाव-प्रचार करने के लिए 21 दिन की मोहलत दी थी, परसों मैं वापस तिहाड़ जेल चला जाऊंगा। आज मैं अपने परिवार के लिए आपसे कुछ मांगना चाहता हूं, मेरे पीछे मेरे माता-पिता का ख्याल रखना, उनके लिए दुआ करना। देश को बचाने के लिए यदि मुझे कुछ हो जाए तो गम मत करना। भगवान ने चाहा तो आपका ये बेटा बहुत जल्द वापस आएगा।

केजरीवाल ने कहा कि देश को तानाशाही से बचाने के लिए जेल जा रहा हूं, इस बात का मुझे फक्र है। मैं जेल में 50 दिन था, इन 50 दिनों में मेरा 6 किलो वजन कम हो गया। जेल से छूटने के बाद भी वजन नहीं बढ़ रहा। मेरा कीटोन लेवल भी बहुत बढ़ा हुआ है, डॉक्टर कह रहे हैं कि ये शरीर में किसी बड़ी बीमारी का भी संकेत हो सकता है। आप सब अपना ख्याल रखना, आप खुश रहेंगे तो आपका केजरीवाल भी खुश रहेगा। मैं चाहे जहां रहूं, दिल्ली के काम नहीं रुकने दूंगा। फ्री बिजली, मोहल्ला क्लीनिक आदि सब चलते रहेंगे और जेल से लौट कर मैं हर मां-बहन के लिए हर महीने हजार रुपये देने की भी शुरूआत करूंगा।

आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए ईडी की सभी दलीलों को दरकिनार करते हुए 21 दिनों की अंतरिम जमानत देते हुए केजरीवाल को 2 जून को सरेंडर करने का आदेश दिया था। सरेंडर की तारीख से पहले केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अपनी अंतरिम जमानत अवधि बढ़ाने की मांग की और इसके लिए उन्होंने अपने  खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए डाक्टरों द्वारा प्रेस्क्राइब पीईटी सीटी टेस्ट कराने के लिए मोहलत मांगी जिसे सुप्रीम कोर्ट ने अस्वीकार कर दिया।