April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पेमा खांडू फिर बने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, चाउना मीन ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ

नई दिल्ली। पेमा खांडू ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। इसी के साथ पेमा खांडू लगातार तीसरी बार अरुणाचल के सीएम बन गए। एक दिन पहले बुधवार को पेमा खांडू को सर्व सम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल केटी परनायक से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

वहीं चाउना मीन ने प्रदेश के डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा बियुराम वाघा, न्यातो दुकम, गणरील डेनवांग वांगसू, वानकी लोवांग, पासंग दोरजी सोना, मामा नटुंग, दासंगलू पुल, बालो राजा, केंटो जिनी और ओजिंग तासिंग को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। आपको बता दें कि पेमा खांडू अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे हैं।

पेमा साल 2016 से अरुणाचल के मुख्यमंत्री हैं। हालांकि जब खांडू पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब वे कांग्रेस के साथ थे। मगर साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान वे बीजेपी में शामिल हो गए। ईटानगर स्थित दोरजी खांडू कन्वेशन सेंटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में इस बार बीजेपी को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। राज्य की कुल 60 विधानसभा सीटों में से 46 सीट पर बीजेपी को जीत मिली है। इसमें भी सबसे बड़ी बात ये रही कि पेमा खांडू सहित बीजेपी के 10 प्रत्याशी चुनाव से पहले ही निर्विरोध विधायक चुन लिए गए थे। वहीं प्रदेश में बीजेपी की सहयोगी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी (एपीपी) के हिस्से भी 5 सीटें आई हैं। पेमा खांडू का नाम अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी के दूसरे मुख्यमंत्री के तौर पर लिया जाता है। उनसे पहले साल 2003 में गेगोंग अपांग के नेतृत्व में 44 दिनों के लिए बीजेपी की सरकार बनी थी।