लिवर कैंसर से जिंदगी की जंग हारे अभिनेता मुश्ताक खान, नानावती अस्पताल में हुआ निधन
नई दिल्ली। फिल्मों और टेलीविजन की दुनिया के जाने माने एक्टर मुश्ताक खान का निधन हो गया है। वो लिवर कैंसर से पीड़ित थे। पिछले 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में वो भर्ती थे, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। मुश्ताक खान पिछले लगभग पांच साल से लिवर कैंसर से जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। मुश्ताक खान ने ‘गदर’, ‘वेलकम’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘आशिकी’, ‘हम हैं राही प्यार के’, ‘जोड़ी नंबर 1’ और ‘वांटेड’ जैसी तमाम सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया है। मुश्ताक खान वैसे तो एक कॉमेडी एक्टर थे लेकिन उन्होंने कुछ चरित्र भूमिकाएं भी कीं और अपने अभिनय का लोहा मनवाया है।
फिल्मों के अलावा मुश्ताक खान छोटे पर्दे पर भी पूरी तरीके से सक्रिय थे। उन्होंने विभिन्न टीवी चैनल्स पर प्रसारित होने वाले कई धारावाहिकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डेली सोप ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’, ‘बेलन वाली बहू’, ‘कैसा ये इश्क है’, ‘अदालत’, ‘झोलाछाप’, ‘वागले की दुनिया’, ‘नुक्कड़’ ये कुछ प्रमुख सीरियल्स हैं जिनमें मुश्ताक खान ने काम किया। मुश्ताक खान ने अपने एक्टिंग करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में छोटे- बड़े रोल किए। मुश्ताक खान की आखिरी फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स: कन्हैया लाल टेलर मर्डर’ थी, जो 2025 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से पहले वो ‘स्त्री 2′ में भी नजर आए थे।
मुश्ताक खान को पांच साल पहले लिवर कैंसर डिटेक्ट हुआ था जिसका इलाज चल रहा था। अभी हाल ही में उनकी ये बीमारी दोबारा से लौट आई थी और उसके बाद उनकी तबीयत गिरती चली गई। बीमारी के दौरान सलमान के पिता सलीम खान ने मुश्ताक की काफी मदद की। मुश्ताक खान का निधन बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री दोनों के लिए ही एक बुरी खबर है। मुश्ताक खान के निधन से उनके परिवार के लोग और फैंस दुखी हैं। सोशल मीडिया के जरिए लोग मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मुश्ताक खान को शुक्रवार, 25 सितंबर को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
