June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Hajj Pilgrims Dead: सऊदी अरब में भीषण गर्मी बनी हज यात्रियों के लिए काल, अब तक 550 की मौत

जेद्दा। इस बार भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कारण पूरी दुनिया में लोग जबरदस्त परेशान हैं। तमाम लोगों की जान भी गर्मी के कारण चली गई है। यहां तक कि इस बार हज करने सऊदी अरब गए लोगों में से भी तमाम की गर्मी के कारण मौत हुई है।

सऊदी अरब से मिली जानकारी के मुताबिक वहां भीषण गर्मी के कारण हज करने गए 550 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। सऊदी अरब में पिछले काफी दिनों से तापमान 51 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब में जिन हज यात्रियों की मौत गर्मी के कारण हुई है, उनमें सबसे ज्यादा संख्या मिस्र के लोगों की है। मिस्र के 323 हज यात्रियों की मौत सऊदी अरब में होने की जानकारी मिली है। पिछले साल सऊदी अरब में गर्मी के कारण 240 हज यात्रियों की मौत हुई थी। इनमें से ज्यादातर इंडोनेशिया के थे। इस बार मृतकों में 60 जॉर्डन के भी हैं।

मिस्र के तमाम तीर्थयात्री सऊदी अरब में लापता भी बताए गए हैं। इनकी तलाश की जा रही है। गर्मी से पीड़ित करीब 2000 हज यात्रियों का इलाज सऊदी अरब के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। जानकारी के अनुसार 17 जून को मक्का की ग्रैंड मस्जिद कॉम्प्लेक्स में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस हो गया था। सऊदी अरब की सरकार ने बड़ी तादाद में हज यात्रियों की मौत और बीमार पड़ने के बाद सभी को छाता लेकर चलने की सलाह दी है। लगातार पानी पीते रहने के लिए भी हज यात्रियों को कहा गया है। हज यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के लिए बड़ी तादाद में एंबुलेंस की व्यवस्था भी सऊदी अरब सरकार ने की है। इसके अलावा अस्पतालों में भी गर्मी से पीड़ित लोगों को राहत देने के लिए तमाम व्यवस्था किए जाने की खबर है। सऊदी अरब में अब भी हजारों हज यात्री जमा हैं। वे कुछ दिन में अपने-अपने देश वापस लौटेंगे।