April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली, यूपी और बिहार समेत कई जगह अगले कुछ दिन तेज बारिश के आसार

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने आज फिर बारिश के बारे में ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 10 जुलाई को कम, लेकिन 11 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। यूपी के ज्यादातर इलाकों, बिहार, मध्यप्रदेश में भी अगले 5 दिन काफी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार गोवा, महाराष्ट्र के मध्य के इलाकों और तटीय कर्नाटक में अगले कुछ दिन भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में भी काफी बारिश होगी। वहीं, सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों में भी गुरुवार तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की बात मौसम विभाग ने कही है। राजस्थान के भरतपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भी बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मॉनसून की ट्रफ लाइन हिमालय की ओर जा रही है। ऐसे में तमाम इलाकों में बारिश कुछ कम होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पहले ही कहा है कि इस साल औसत से ज्यादा बारिश होने वाली है। जुलाई से लेकर सितंबर के अंत तक देशभर में काफी बारिश होगी। हालांकि, जून में औसत से 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। बीच-बीच में मॉनसून के धीमा पड़ने के कारण भी कई राज्यों में बारिश कम हुई है। आने वाले दिनों में हालात ठीक होने पर मॉनसून के और गति पकड़ने के साथ ही देशभर में बारिश तेज होने की संभावना है। हालांकि, बारिश के कारण असम, अरुणाचल प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में कई जगह बाढ़ भी आ गई है। असम में तो 20 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बिहार में भी गंगा, कोसी, बूढ़ी गंडक जैसी नदियों में उफान आया हुआ है।