June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केरल के वायनाड में भूस्खलन के बाद अब भी मलबे से निकल रहे शव, अब तक 150 के करीब लोगों की मौत की पुष्टि

वायनाड। केरल के वायनाड में भारी बारिश के कारण भूस्खलन के बाद अब भी राहत और बचाव का काम जारी है। सेना, नौसेना और वायुसेना इस राहत के काम में जुटी हैं। मीडिया की खबरों के मुताबिक 150 के करीब शव यहां निकाले गए हैं। 100 के करीब लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। भूस्खलन में 128 लोगों के घायल होने की खबर है। केरल सरकार ने इस आपदा के बाद 2 दिन के राजकीय शोक का एलान किया है।

वायनाड के मुंडक्कई में रविवार रात को रात 2 बजे और फिर 4.10 बजे 2 बार जबरदस्त भूस्खलन हुआ था। इससे पहाड़ से चट्टानें और मलबा नीचे चूरलमाला तक आ गए। भूस्खलन कितना खतरनाक रहा, ये इसी से पता चलता है कि चूरलमाला के अलावा मेपाड्डी, मुंडक्कई, अत्तामाला और नूलपुझा में तमाम बस्तियां मलबे में दब गईं। 4 गांव इस भूस्खलन में बह गए। वायनाड के चूरलमाला में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। भूस्खलन के बाद मलबे और चट्टानों की रफ्तार इतनी तेज थी कि मुंडक्कई से करीब 50 किलोमीटर दूर मल्लपुरम के पोथुकल्लू में चलियार नदी से बहकर आए 16 लोगों के शव भी मिले हैं। वायनाड की इस आपदा में फंसे लोगों को बचाने की हरसंभव कोशिश के तहत सेना ने 225 जवान लगाए हैं। इनके अलावा पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के 250 लोग भी बचाव के काम में जुटे हैं। वायुसेना ने बचाव के काम में मदद के लिए 2 हेलीकॉप्टर भी लगा रखे हैं।

वायनाड में आई प्राकृतिक आपदा के बाद केरल के सीएम पिनरई विजयन ने लोगों से एकजुट होकर प्रभावितों की मदद की अपील की है। उन्होंने कहा है कि साल 2018 में केरल में बाढ़ से नुकसान होने के बाद जिस तरह लोगों ने प्रभावितों की एकजुट होकर मदद की, वैसी ही अब भी करें। पिनरई विजयन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में लोगों से दान मांगा है। केरल के सीएम के मुताबिक लोग मदद की पेशकश कर रहे हैं, लेकिन वायनाड के आपदा प्रभावित इलाकों में लोगों को फिर से बचाने और उनकी जिंदगी संवारने के लिए काफी धन की जरूरत पड़ने वाली है। पिनरई विजयन के मुताबिक राहत देने के लिए 45 शिविर बनाए गए हैं और वहां 3000 के करीब लोगों को रखा गया है। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने केरल को 5 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का एलान किया है। वहीं, कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने 2 करोड़ की मदद देने की बात कही है। केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।