केरल चुनाव में इंडी गठबंधन के बीच ही टकराव तेज, सीएम पिनरई विजयन ने राहुल गांधी को बताया नासमझ और बीजेपी की ‘बी’ टीम
एर्नाकुलम। विपक्ष के इंडी गठबंधन में कांग्रेस के अलावा वामपंथी दल भी हैं, लेकिन केरल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले दोनों के बीच बयानों की जंग छिड़ी हुई है। केरल में कांग्रेस इस बार वामपंथी दलों की सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जोर लगाए हुई है। वहीं, वामपंथी दल कांग्रेस के साथ राहुल गांधी को भी निशाना बना रहे हैं।
केरल के सीएम और सीपीएम के वरिष्ठ नेता पिनरई विजयन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। केरल के एर्नाकुलम में पिनरई विजयन ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं, लेकिन फिर भी उनमें केरल के आम स्थानीय कार्यकर्ता जितनी बुनियादी समझ की भी कमी है। केरल के सीएम ने कहा कि राहुल गांधी अनुभव या गलतियों से सीखने से साफ इनकार कर देते हैं। उन्होंने कहा कि ये समझना मुश्किल है कि राहुल गांधी का इस तरह तन कैसे हो रहा है। पिनरई विजयन ने ये आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस, बीजेपी की ‘बी’ टीम हैं। खास बात ये है कि कांग्रेस भी केरल के वामपंथी दलों पर बीजेपी की ‘बी’ टीम होने का आरोप लगाती है। अब पिनरई विजयन ने यही तमगा कांग्रेस और राहुल गांधी पर लगा दिया है।
केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है। यहां अन्य राज्यों के साथ 4 मई को वोटों की गिनती होगी। केरल में पिछले दो बार से वामपंथी दलों की एलडीएफ सरकार है। पहले हर बार केरल में एलडीएफ और कांग्रेस के यूडीएफ के बीच सत्ता बदलती रहती थी, लेकिन केरल की जनता को वामपंथी गठबंधन की सरकार पसंद आ रही है। वामपंथी दलों ने 2021 के केरल विधानसभा चुनाव में 99 सीट पर जीत दर्ज की थी। जबकि, कांग्रेस की यूडीएफ को 41 सीट ही हासिल हो सकी थी। देश में पहले पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में भी वामदलों की सरकारें थीं, लेकिन अब सिर्फ केरल में ही वामपंथी दल सत्ता में हैं। वामदलों का दावा है कि केरल की जनता एक बार फिर उनको ही सत्ता सौंपेगी।
