August 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में बच्ची से रेप का आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया, पिस्टल छीनकर भागने का आरोप

बारुईपुर (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में बच्ची से रेप और हत्या के आरोपियों में से एक प्रभास मंडल पुलिस से एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के मुताबिक 7-8 जुलाई की दरम्यानी रात जांच अधिकारी और टीम प्रभास मंडल को घटनास्थल ले गई थी। उससे क्राइम सीन रीक्रिएट कराना था। पुलिस के मुताबिक सुरज्यापुर हाट पहुंचने के बाद प्रभास को गाड़ी से उतारा गया। इसी दौरान प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और एक फायर कर भाग खड़ा हुआ।

पुलिस के मुताबिक बारुईपुर रेप के आरोपी प्रभास मंडल के फायरिंग कर भागने पर पुलिस टीम ने भी उसे रोकने के लिए फायरिंग की। कई गोलियां प्रभास मंडल को लगीं और वो गिर पड़ा। पुलिस टीम उसे बारुईपुर अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने प्रभास मंडल को मृत घोषित कर दिया। बारुईपुर में जिस बच्ची से रेप और हत्या की वारदात हुई, वो 4 जुलाई से लापता थी। 5 जुलाई को बच्ची का शव सुरज्यापुर हॉल्ट इलाके में बोरी में मिला था। जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। भीड़ ने इस मामले में इंद्रजीत मंडल नाम के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हालांकि, पुलिस जांच में इंद्रजीत निर्दोष साबित हुआ।

बारुईपुर में बच्ची से रेप और हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत गर्माई है। पूर्व सीएम ममता बनर्जी की टीएमसी के कई नेता बारुईपुर में बच्ची के घरवालों से मिले। वहीं, बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल बच्ची के अलावा इंद्रजीत के घर भी गया। खुद सीएम शुभेंदु अधिकारी भी बारुईपुर गए। शुभेंदु अधिकारी ने एलान किया है कि बच्ची से रेप के दोषियों को फांसी की सजा दिलाकर रहेंगे। उन्होंने घटना के बाद तोड़फोड़ और इंद्रजीत की पीटकर हत्या करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए हैं। ऐसे कई लोगों की पहचान कर गिरफ्तार भी किया गया है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल का सीएम बनने के साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को हर हाल में अपराध रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बाद बारुईपुर की वारदात हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *