वीडी सतीशन बने केरलम के मुख्यमंत्री, साथ में 20 विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ, शुरू हुआ यूडीएफ शासन
नई दिल्ली। केरलम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन ने प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। वहीं 20 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सतीशन समेत सभी विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री और मंत्रियों की शपथ के साथ केरलम में आज से यूडीएफ सरकार का शासन शुरू हो गया है। सतीशन के अनुसार, 60 साल बाद ऐसा हो रहा है जब केरलम में पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ ले रही है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
जिन विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली है उनमें से दो महिलाएं हैं जबकि दो अनुसूचित जाति से आते हैं। 4 मई को घोषित हुए प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व में वाले यूडीएफ ने 102 सीट जीतीं जबकि सत्ताधारी एलडीएफ को सिर्फ 35 सीटों पर जीत मिली थी। यूडीएफ की इस जीत के साथ ही केरलम में पिछले 10 सालों से चल रहे एलडीएफ राज का अंत हो गया।
ये विधायक बने हैं मंत्री
– के मुरलीधरन
– सनी जोसेफ
– बिंदु कृष्ण
– एम लिजू
– पीके कुन्हालीकुट्टी
– रमेश चेन्निथला
– केएम शाजी
– पीके बशीर
– वीई अब्दुल गफूर
– टी सिद्दीकी
– केए तुलसी
– ओजे जनीश
– मॉन्स जोसेफ
– शिबू बेबी जॉन
– अनूप जैकब
– सीपी जॉन
– एपी अनिल कुमार
– एन समसुधीन
– पीसी विष्णुनाथ
– रोजी एम जॉन
बता दें केरलम का मुख्यमंत्री तय करने के लिए कांग्रेस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। दरअसल कई विधायक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे थे। जबकि कांग्रेस संगठन वीडी सतीशन को सीएम बनाए जाने के पक्ष में था। कांग्रेस आलाकमान ने कई दौर की बैठकों के बाद आखिरकार वीडी सतीशन के नाम पर मोहर लगाई थी।
