June 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री, चुनाव नतीजे आने के 10 दिन बाद कांग्रेस ने की घोषणा

नई दिल्ली। कांग्रेस ने लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार केरलम के मुख्यमंत्री का नाम फाइनल कर लिया है। वीडी सतीशन केरलम के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक, अजय माकन और केरल की प्रभारी महासचिव दीपा दास मुंशी ने वीडी सतीशन के नाम का ऐलान किया। इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बैठक हुई थी जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी समेत अन्य लोगों ने केरलम में होने वाले मुख्यमंत्री के नाम पर विचार विमर्श किया। सीएम पद के लिए वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल के नाम को लेकर खींचतान मची हुई थी।

केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित हुए थे जिसमें कांग्रेस नीत यूडीएफ को बंपर जीत हासिल हुई थी। 140 सीटों में से यूडीएफ ने 102 सीटों पर कब्जा जमाया और बहुमत हासिल किया। हालांकि नतीजे घोषित होने के लगभग दस दिन बाद कांग्रेस में अब जाकर मुख्यमंत्री के नाम पर सर्वसम्मति बन पाई है। केरलम में यूडीएफ की इस जीत के साथ ही एलडीएफ जो पिछले 10 साल से सत्ता में थी अब वो विपक्ष में बैठेगी। परवूर विधानसभा से विधायक वीडी सतीशन को प्रदेश की राजनीति का अच्छा खासा अनुभव है। सतीशन परवूर सीट से 2001 से लगातर छठी बार चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। 2021 में वो केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं।

गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के बाद सीएम पद को लेकर वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल के समर्थक अलग-अलग गुटों में बंट गए थे। कांग्रेस संगठन से जुड़े वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री बनाना चाह रहे थे जबकि कुछ विधायक केसी वेणुगोपाल का समर्थन कर रहे थे। इस गुटबाजी के चलते कांग्रेस नेतृत्व को मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिल्ली और केरलम में कांग्रेस नेतृतव की कई दौर की बैठकों के बाद अंत में जाकर वीडी सतीशन के नाम पर मोहर लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *