वकील का ड्रेस पहनकर कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी तो लगे चोर-चोर के नारे
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी वकील की ड्रेस पहनकर कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची थीं। ममता बनर्जी को यहां तमाम वकीलों के विरोध का सामना करना पड़ा। कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के कोर्ट के भीतर भी ममता बनर्जी का विरोध हुआ। वहीं, कोर्ट से बाहर निकलते समय कई वकीलों ने ममता बनर्जी को देखकर चोर-चोर के नारे लगाए। ममता बनर्जी के साथ वकील और टीएमसी के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी भी थे।
कल्याण बनर्जी ने बाद में मीडिया से कहा कि कोर्ट में चोर-चोर की नारेबाजी ठीक नहीं है। ममता की पार्टी के सांसद ने कहा कि अगर चाहें, तो हम भी कई बातें कह सकते हैं, लेकिन न्यायालय में इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाता। कल्याण बनर्जी ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। दरअसल, ममता बनर्जी जब कलकत्ता हाईकोर्ट से निकलीं, तो वकीलों की भीड़ की वजह से अपनी गाड़ी तक जाने में उनको बहुत दिक्कत हुई। बड़ी मुश्किल से कल्याण बनर्जी और उनके साथ के वकीलों ने ममता बनर्जी को भीड़ में से बाहर निकालकर गाड़ी तक पहुंचाया।
ममता बनर्जी की टीएमसी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा का आरोप लगाकर कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसकी सुनवाई चीफ जस्टिस सुजय पॉल कर रहे हैं। ममता बनर्जी और टीएमसी के वकीलों ने कोर्ट में कहा कि चुनाव बाद उनकी पार्टी के 100 से ज्यादा दफ्तरों में आगजनी और तोड़फोड़ की गई है। टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या और 12 साल की बच्ची को रेप की धमकी का आरोप भी टीएमसी ने लगाया है। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस के वकील ने कोर्ट में कहा कि टीएमसी ने जो आरोप लगाए हैं, उनसे संबंधित विस्तृत विवरण नहीं दिया है। कलकत्ता के न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर से टीएमसी दफ्तर तोड़े जाने के आरोप पर पश्चिम बंगाल पुलिस के वकील ने कहा कि उस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
