दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप का महिला ने लगाया आरोप, ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप की वारदात हुई है। ये घटना बीते सोमवार की है। महिला ने दिल्ली पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि रानीबाग में उसे बस में जबरन खींच लिया गया। जिसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उससे गैंगरेप किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात के मामले की जांच की जा रही है। इस वारदात से दिल्ली में रात में निकलने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो रहा है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसके पति को टीबी है। इस वजह से वो एक फैक्ट्री में काम करती है। महिला के मुताबिक सोमवार रात वो फैक्ट्री से लौट रही थी। दिल्ली के सरस्वती विहार बस स्टैंड पर उसने एक बस को हाथ दिया। महिला का कहना है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे अंदर खींच लिया और रानीबाग से नांगलोई के बीच पूरी रात गैंगरेप किया। गैंगरेप के बाद महिला को सड़क किनारे फेंककर वे फरार हो गए। इसके बाद महिला ने पुलिस को फोन कर खुद से गैंगरेप होने की बात बताई।
महिला से जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीव कैमरों के वीडियो को खंगाला। जिसके जरिए बस की पहचान हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तेजी से एक्शन कर बस को जब्त किया और ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महिला की मेडिकल जांच कराई है। पुलिस अब ये जांच कर रही है कि वारदात के वक्त बस में सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर थे या कुछ और लोग भी थे। आरोपियों के फोन कॉल रिकॉर्ड भी देखे जा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में ही निर्भया कांड हुआ था। जिसमें युवती को बस में खींचकर उससे कई लोगों ने गैंगरेप किया था। युवती के प्राइवेट पार्ट में लोहे की रॉड भी डाली गई थी। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई थी।
