April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शेख हसीना के विमान ने हिंडन एयरबेस से भरी उड़ान, जानिए अब कहां होगी लैंडिंग?

नई दिल्ली। शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़कर भारत पहुंचने के बाद से हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर अब उनका अगला स्टैंड क्या होगा? शेख हसीना भारत में रहेंगी या किसी और देश में शरण लेंगी? इस बीच खबर आ रही है कि गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से शेख हसीना के विमान C-130 J ने उड़ान भर दी है। इस खबर को लेकर दुनिया भर में लोगों के मन में फिर कौतूहल जाग गया कि आखिर अब शेख हसीना कहां जा रही हैं। अब इस सवाल का जवाब मिल गया है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया हिंडन एयरबेस से शेख हसीना के विमान ने उड़ान जरूर भरी है मगर उसमें शेख हसीना सवार नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश के C-130 J ट्रांसपोर्ट विमान में 7 सैन्यकर्मी सवार हैं और विमान उनको लेकर वापस बांग्लादेश में अपने एयर बेस पर लैंड करेगा।

आपको बता दें कि बांग्लादेश में तख्तापलट के बीच कल शेख हसीना देश छोड़कर भारत आ गई थीं। उनका विमान शाम को गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर लैंड किया था। इसके बाद भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल उनसे मिलने पहुंचे थे। दोनों के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई थी। माना जा रहा है कि इस बातचीत में आगे की प्लानिंग के बारे में चर्चा की गई।

शेख हसीना से मिलने के बाद अजीत डोभाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक में शामिल हुए, इस बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई लोग शामिल हुए थे। फिलहाल शेख हसीना हिंडन एयरबेस पर बने एक सेफ हाउस में हैं। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर हिंडन एयरबेस और आस पास सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि शेख हसीना अभी कुछ दिन तक भारत में ही रहेंगी। पीएम मोदी ने शेख हसीना और बांग्लादेश के हालात को लेकर आज भी हाईलेवल सर्वदलीय बैठक की है।