March 11, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोरोना के बढ़ते मामलों पर CM योगी का बड़ा ऐलान, अस्पतालों में तत्काल बढ़ेंगे 33 हजार बेड

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की कमान खुद थाम ली है। उन्होंने राज्य में बेड की कमी को लेकर बड़ा ऐलान किया है। बता दें कि यूपी में कोरोना संकट से निपटने के लिए सीएम योगी ने प्रदेश में करीब 33 हजार बेड तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। इससे राज्य के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल कोरोना के मामले जिस हिसाब से तेजी के साथ बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए अस्पतालों में लोगों को बेड मिलना मुश्किल हो गया है। इस कमी को पूरा करने के लिए सीएम योगी ने प्रदेश मौजूदा एल-1, एल-2, एल-3 के करीब 1 लाख 80 हजार बेड के अतिरिक्त 33 हजार और बेड बढाने क़े आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग को CM योगी द्वारा 15 हजार बेड और चिकित्सा शिक्षा विभाग को 18 हजार बेड तत्काल बढाने की जिम्मेदारी दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 हजार बेड के सापेक्ष, प्रदेश के सभी 75 जिलों में निगरानी करते हुए तत्काल बढ़ाये जाएंगे 200 बेड। वहीं यूपी में कोरोना के प्रसार को देखें तो गुरुवार की रिपोर्ट पर गौर करें तो एक दिन में 35,156 नए मामले सामने आए। वहीं 258 लोगों की मौत हो गई है। इससे एक दिन पहले ही सूबे में 29824 नए मरीज मिले थे और 266 मरीजों की मौत हो गई थी। इस दौरान 35,903 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे।

बता दें कि पूरे देश में कोरोना के मामलों की रफ्तार हर रोज बढ़ती जा रही है। रोजाना कोरोना के तीन लाख से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि, पिछले एक दिन में देशभर में कोरोना के 3 लाख 86 हजार 452 नए मामले सामने आए हैं। वहीं एक दिन में इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 3,498 दर्ज की गई। इसके बाद अब देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,87,62,976 हुई। वहीं तीन हजार से अधिक नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,08,330 हो गई है।

बता दें कि देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 31,70,228 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,53,84,418 है। वहीं देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 15,22,45,179 हो गया है। गौरतलब है कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो ताजा अपडेट के मुताबिक कुल मामलों की संख्या बढ़कर 15.01 करोड़ के पार पहुंच गई है, जबकि 31.6 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *