March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम दर्ज हुआ खास रिकॉर्ड, माया और मुलायम भी नहीं कर सके ये काम

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसके बाद प्रदेश के सारे सीएम उनसे पीछे हो गए हैं। दरअसल, योगी पिछले 7 साल 148 दिन से प्रदेश के सीएम हैं और इसी के साथ वो लगातार सबसे ज्यादा समय तक पद पर रहने वाले सीएम बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कांग्रेस नेता डॉ. संपूर्णानंद के नाम था। वो साल 1954 से लेकर 1960 तक 5 साल 344 दिन लगातार सीएम रहे थे। अब ये रिकॉर्ड योगी आदित्यनाथ के नाम दर्ज हो गया है।

हालांकि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा बार सीएम बनने का रिकॉर्ड बीएसपी सुप्रीमो मायावती के नाम पर दर्ज है, वो चार बार प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। वहीं दिवंगत सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का नाम इस क्रम में दूसरे नंबर आता है वो तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर काबिज रह चुके हैं लेकिन इसके बावजूद सीएम पद पर लगातार सर्वाधिक समय तक रहने का रिकॉर्ड ये दोनों नेता नहीं तोड़ सके थे।

वैसे मुख्यमंत्री पद से जुड़ा योगी के नाम एक और रिकॉर्ड भी दर्ज है। योगी ने जब मार्च 2022 में लगातार दूसरी बार प्रदेश के सीएम पद की शपथ ली थी तो उन्होंने दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम एनडी तिवारी का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। एनडी तिवारी ने साल 1985 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दूसरी बार शपथ ली थी, तब प्रदेश के अलग होकर उत्तराखंड नहीं बना था। इतना ही नहीं योगी ने मुख्यमंत्री रहते हुए एक बहुत पुराना अंधविश्वास भी तोड़ा। ऐसा कहा जाता था कि जो भी यूपी का मुख्यमंत्री रहते हुए नोएडा का दौरा करता है उसकी कुर्सी चली जाती है, मगर योगी ने इस मिथक को तोड़ते हुए अपने पहले कार्यकाल में ही नोएडा के कई दौरे किए और इसके बावजूद लगातार दूसरी बार प्रदेश के सीएम चुने गए।

More Stories