सुकेश चंद्रशेखर ने मनीष सिसोदिया को भेजा कानूनी नोटिस, इस मामले में सार्वजनिक माफी न मांगने पर केस चलाने की दी चेतावनी
नई दिल्ली। ठगी के आरोप में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर अपनी चिट्ठियों की वजह से आए दिन चर्चा में रहता है। अब सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को कानूनी नोटिस भेजा है। सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने मनीष सिसोदिया को ये नोटिस भेजा है। अपनी कानूनी नोटिस में सुकेश चंद्रशेखर ने मनीष सिसोदिया से मांग की है कि अपमान करने वाले आरोपों और टिप्पणियों को बिना शर्त वापस लेकर 7 दिन में सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।
सुकेश चंद्रशेखर के कानूनी नोटिस में मनीष सिसोदिया से कहा गया है कि वो अगर आरोपों को वापस नहीं लेंगे और सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगेंगे, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मनीष सिसोदिया को सुकेश के वकील ने जो नोटिस भेजा है, उसमें कहा गया है कि उनका मुवक्किल विचाराधीन कैदी है और दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है। सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने नोटिस में मनीष सिसोदिया से कहा है कि 13 अगस्त 2024 को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आपने मेरे मुवक्किल पर टिप्पणी की।
मनीष सिसोदिया को भेजे गए इस नोटिस में अखबारों में छपी खबरों का हवाला देकर बताया गया है कि मनीष सिसोदिया ने कहा कि ‘जब कोई ठग सुकेश चिट्ठी लिखता है, तो तिहाड़ प्रशासन उसे दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर के यहां विधिवत तरीके से भेजता है। लेफ्टिनेंट गवर्नर भी उस पर तत्काल कार्रवाई करते हैं, लेकिन जब दिल्ली के सीएम चिट्ठी लिखते हैं, तो तिहाड़ जेल के अफसरों को लेफ्टिनेंट गवर्नर कहते हैं कि ये चिट्ठी उनको न भेजी जाए।’ पहली बार ऐसा है जब सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को ठग कहे जाने पर आपत्ति जताते हुए किसी को कानूनी नोटिस भेजा है। अब मनीष सिसोदिया इस पर क्या कदम उठाते हैं, इस पर सबकी नजर है। सुकेश चंद्रशेखर अब तक एक्टर जैकलीन फर्नांडिस को तमाम चिट्ठियां लिखकर चर्चा में रहा है। साथ ही उसने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाने वाली चिट्ठी भी जेल में रहते हुए लिखी थी।
