April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नेपाल में बड़ा हादसा, 40 लोगों को लेकर जा रही यूपी नंबर की बस नदी में गिरी

नई दिल्ली। नेपाल में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां यूपी नंबर वाली एक यात्री बस तनहुन जिले में मार्सयांगडी नदी में गिर गई है। बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी और इसमें 40 लोग सवार थे। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई है जबकि अन्य घायल हैं। तनहुन के डीएसपी दीपकुमार राया ने बताया है कि UP FT 7623 नंबर प्लेट वाली बस नदी में गिरी है। पुलिस, एनडीआरएफ और नेपाल आर्मी के जवान घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं, फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

वहीं, इस घटना के संबंध में उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त का भी बयान आया है। उनका कहना है कि फिलहाल हम यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या इस बस में कोई भारतीय नागरिक भी सवार था। बरसात के कारण मार्सयांगडी नदी उफान पर है। ऐसा बताया जा रहा है कि बस में सवार कुछ लोगों के नदी में बह जाने की भी आशंका है।

फिलहाल इस घटना में कितने लोगों की मौत हुई है और कितने घायल हुए हैं इस बारे में अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बस में सवार 14 लोगों की मौत हो गई है जबकि कुछ अन्य घायल हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 16 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।