April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पुणे में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, 4 लोग थे सवार

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत चार लोग सवार थे। इस हादसे में घायल चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां पायलट की हालत गंभीर है जबकि अन्य तीन लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हवा में उड़ते हुए अचानत हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर घूमने लगा और जमीन पर आ गिरा।

पुणे ग्रामीण एसपी पंकज देशमुख ने बताया कि जिले के पौड गांव के पास एक निजी हेलीकॉप्टर AW 139 दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हेलीकॉप्टर एक निजी विमानन कंपनी ग्लोबल वेक्ट्रा का है। यह मुंबई से हैदराबाद जा रहा था जिसके लिए इसने जुहू से उड़ान भरी थी। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि तकनीकि खराबी के चलते हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है। हालांकि खराब मौसम भी एक वजह हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच के बाद ही घटना की स्पष्ट वजह सामने आ सकेगी। इस हेलीकॉप्टर को कैप्टन आनंद उड़ा रहे थे जबकि धीर भाटिया, अमरदीप सिंह, एस पी राम इसमें सवार थे। ये तीनों विमानन कंपनी के ही अधिकारी बताए जा रहे हैं।

जैसे ही हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ आस-पास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंच कर तुंरत पुलिस को सूचना दी और चारों घायलों को हेलीकॉप्टर के मलबे से बाहर खींचा। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकार स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक जैसे ही उसने तेज आवाज के साथ हेलीकॉप्टर को गिरते हुए सुना वो तुरंत घटनास्थल की तरफ भागा। वहां पायलट और अन्य लोग जमीन पर गिरे पड़े थे। जैसे ही वह पायलट के पास पहुंचा तो पायलट ने उससे हेलीकॉप्टर से दूर जाने की बात कही क्यों कि हेलीकॉप्टर में ब्लास्ट हो सकता था।