June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, राजधानी कीव में मिसाइल और ड्रोन अटैक, कई अन्य शहरों में भी धमाके

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन युद्ध अब और भी खतरनाक होता जा रहा है। रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हमला करते हुए राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन अटैक किया। यूक्रेनी न्यूज पोर्टल द कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार कीव समेत यूक्रेन के अन्य शहरों में भी आज सुबह ड्रोन हमलों को अंजाम दिया गया। कीव में सेना हाई अलर्ट पर है और ऐसा कहा जा रहा है कि रूस के हमलों के बाद कीव में कई जगहों पर बिजली भी गुल हो गई है। रूस के हवाई हमलों से बचने के लिए लोग अंडर ग्राउंड मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में छिपे हुए हैं।

इससे पहले यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन हमला किया था। यूक्रेन की ओर से रूस के सारातोव की एक बड़ी इमारत को ड्रोन के द्वारा बिलकुल उसी तर्ज पर निशाना बनाया गया जैसे अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर अटैक हुआ था। इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खबरों में यह भी बताया जा रहा है कि यूक्रेन का टारगेट यह इमारत नहीं बल्कि रूस का एंगेल्स एयरबेस था मगर ड्रोन सारातोव की एक बड़ी इमारत से टकरा गया। इस हमले के बाद ही ये तय माना जा रहा था कि रूस अब यूक्रेन को पलटवार जरूर करेगा और हुआ भी यही, रूस ने कड़े तेवर दिखाते हुए यूक्रेन को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन की राजधानी कीव के अलावा खार्किव, ओडेसा, डीनिप्रो, विन्नित्सिया, क्रेमेनचुक, ज़ापोरिज़िया, खमेलनित्सकी, क्रिवी रिह, क्रोपिव्निट्स्की और लुत्स्क शहरों में धमाकों की आवाज सुनाई दी है। रूस की ओर से यूक्रेन पर यह अभी तक का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। आपको बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में युद्ध शुरू हुआ था तब से यह जंग जारी है। इस युद्ध में दोनों देशों के बहुत से नागरिकों की मौत हो चुकी है।

You may have missed