March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘लाल टोपी’ वाले ‘काले कारनामों’ के लिए जाने जाते हैं…सपाइयों पर बरसे योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं को निशाने पर लेते हुए जमकर बरसे। योगी ने कहा कि ‘लाल टोपी’ वाले लोग ‘काले कारनामों’ के लिए जाने जाते हैं। सीसामऊ से पूर्व विधायक और सपा नेता इरफान सोलंकी का जिक्र करते हुए योगी ने जनता से कहा कि आपने जनादेश पांच वर्षों का दिया था लेकिन अब उपचुनाव होना है। यहां का विकास बाधित हो रहा है। समाजवादी पार्टी प्रदेश के अंदर अराजकता पैदा करने की अपनी कुंठित मंशा को आज भी जब मौका मिलता है जाया नहीं होने देती।

योगी ने कन्नौज में नाबालिग से रेप मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आरोपी नवाब ब्रांड इसी समाजवादी पार्टी की पहचान है। आपको बता दें कि महिला के घर पर कब्जा करने के उद्देश्य से आगजनी मामले में 7 साल की सजा काट रहे सपा नेता इरफान सोलंकी जेल में हैं और उनकी विधायकी भी रद्द हो गई है। इसी कारण से सीसामऊ विधानसभा में उपचुनाव होना है। योगी ने कहा कि आज विकास और सुशासन का मॉडल क्या होना चाहिए, कानून-व्यवस्था कैसी होनी चाहिए, यह उत्तर प्रदेश तय करता है। उन्होंने कहा कि विभाजनकारी राजनीति को दरकिनार करते हुए हमें राष्ट्रवाद के आधार पर देश के विकास के लिए, ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए आगे आना होगा।

गौरतलब है कि कानपुर नगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग एक हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र बांटे। स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्यमियों को ऋण और लगभग 8,000 युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित किए। यूपी सीएम ने इस अवसर पर जनपद के समग्र विकास से संबंधित 745 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। योगी ने कहा कि प्रदेश की जनता के वर्तमान और भविष्य, दोनों के निर्माण के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

More Stories