सपा विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी मुश्किल में फंसे, नाबालिग नौकरानी की बरामदगी और एक अन्य नौकरानी की खुदकुशी के बाद केस दर्ज
भदोही। यूपी में समाजवादी पार्टी यानी सपा के विधायक जाहिद जमाल बेग और उनकी पत्नी सीमा बेग मुश्किल में फंसते दिख रहे हैं। सपा विधायक जाहिद जमाल बेग और उनकी पत्नी पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। जाहिद जमाल बेग के भदोही स्थित आवास पर बीते दिनों एक नौकरानी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने सपा विधायक के यहां से एक अन्य नाबालिग लड़की को बरामद किया है। आरोप है कि सपा के विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी इस नाबालिग से नौकरानी का काम लेते थे।
सपा विधायक जाहिद जमाल बेग और उनकी पत्नी सीमा बेग पर आरोप है कि वो नाबालिग नौकरानी से मारपीट करते थे। उसको प्रताड़ित करने का भी आरोप दोनों पर लगा है। इस मामले में भदोही जिला बाल कल्याण समिति के चेयरमैन की संस्तुति के बाद श्रम विभाग ने सपा विधायक जाहिद जमाल बेग और उनकी पत्नी पर केस दर्ज कराया है। पहले जिस नौकरानी ने सपा विधायक के यहां खुदकुशी की थी, उसकी उम्र 17 साल थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद ही जिला बाल कल्याण समिति और प्रोबेशन विभाग की टीम ने श्रम विभाग के साथ जांच की। इसी जांच के दौरान सपा विधायक के यहां से नाबालिग लड़की मिली। पुलिस ने उसके बयान भी दर्ज किए हैं।
भदोही के मालिकाना मोहल्ले में सपा विधायक जाहिद जमाल बेग का घर है। जाहिद और सीमा बेग पर पुलिस ने जो केस दर्ज किया है, उसमें खुदकुशी करने वाली नौकरानी का मामला भी दर्ज है। पुलिस की एफआईआर में लिखा गया है कि जाहिद जमाल बेग के घर वो 9 साल से काम कर रही थी। उसे पैसा भी नहीं मिलता था। मारपीट के कारण वो भागने वाली थी, लेकिन दूसरी नौकरानी के कहने पर विधायक जाहिद जमाल बेग के घर ही रुक गई। बाल श्रम और अन्य मामलों में सपा विधायक और उनकी पत्नी के नाम केस दर्ज होने से उनके लिए मुश्किल बढ़ सकती है। भारत में बाल श्रम कराना गैरकानूनी है और ऐसा करने वालों को 2 साल की सजा और 50000 रुपए तक के जुर्माने की सजा हो सकती है।
